ताजा खबर
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
जगदलपुर, 11 फरवरी। मंगलवार की रात जिले में दो अलग-अलग जगहों पर हुए सड़क हादसों में दो युवकों की मृत्यु हो गई। मृतकों में एक बस्तर फाइटर का जवान है। दोनों मामलों में पुलिस द्वारा जांच की जा रही है।
पहली घटना लोहंडीगुड़ा थाना क्षेत्र की है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार गढिय़ा-लोहंडीगुड़ा निवासी बलवीर मौर्य पिता बलिराम, मंगलवार शाम अपनी मोटरसाइकिल से बोदरा गांव गया था। वापस लौटते समय नारायणपाल के पास उसकी मोटरसाइकिल डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में उसे सिर पर चोट आई। प्रारंभिक उपचार के बाद उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल (मेकाज) रेफर किया गया, जहां देर रात उसकी मृत्यु हो गई।
दूसरी घटना आसना के पास हुई। पुलिस के अनुसार छोटे देवड़ा निवासी भरत भारती, जो बस्तर फाइटर में आरक्षक के पद पर पदस्थ था, ड्यूटी पर जा रहा था। इसी दौरान आसना के पास किसी अज्ञात वाहन की टक्कर से वह घायल हो गया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मामले में अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है तथा आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है।
दोनों मामलों में पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।


