ताजा खबर
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
बिलासपुर, 10 फरवरी। शहर के पुराने बस स्टैंड के पास उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक नाले के भीतर फंसे युवक का हाथ अचानक स्लैब के बीच से बाहर दिखाई दिया। युवक मदद की गुहार लगाते हुए लगातार आवाज लगा रहा था। घटना की सूचना मिलते ही नगर निगम और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और संयुक्त प्रयास से युवक को सुरक्षित बाहर निकाला गया। पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नाले के भीतर एक युवक स्लैब के नीचे फंसा हुआ था और बाहर निकलने के लिए तड़प रहा था। हाथ बाहर दिखते ही वहां मौजूद लोगों में दहशत फैल गई और देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय लोगों ने तत्काल नगर निगम और पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर नगर निगम बिलासपुर की टीम पुलिस के साथ मौके पर पहुंची। रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान जेसीबी मशीन की मदद से नाले का स्लैब तोड़ा गया। काफी मशक्कत के बाद टीम ने युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जिससे मौके पर मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली।
बचाए जाने के बाद युवक ने अपना नाम रामकुमार चौहान बताया, जो जोंधरा क्षेत्र का निवासी है। उसकी उम्र लगभग 32 से 34 वर्ष के बीच है। पुलिस पूछताछ के दौरान युवक की बातचीत स्पष्ट नहीं थी। कभी वह टालमटोल करता दिखा तो कभी मजाकिया बातें करने लगा। इससे उसके मानसिक रूप से अस्थिर होने की आशंका जताई जा रही है।


