ताजा खबर

90 वर्षीय महिला की सिम्स में उन्नत तकनीक से सफल हिप सर्जरी
10-Feb-2026 1:35 PM
90 वर्षीय महिला की सिम्स में उन्नत तकनीक से सफल हिप सर्जरी

अगले ही दिन खुद चलने लगी मरीज

'छत्तीसगढ़' संवाददाता

बिलासपुर, 10 फरवरी। सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल 90 वर्षीय इंडिया बाई की जटिल हिप सर्जरी कर सिम्स बिलासपुर के डॉक्टरों ने चिकित्सा क्षेत्र में उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। बुजुर्ग महिला ऑपरेशन के अगले ही दिन अपने पैरों पर खड़ी होकर चलने लगी।

दुर्घटना में इंदिया बाई के बाएं कूल्हे में गंभीर फ्रैक्चर और हड्डी को व्यापक नुकसान पहुंचा था। हालत नाजुक होने पर परिजनों ने उन्हें सिम्स के ऑर्थोपेडिक विभाग में भर्ती कराया, जहां वरिष्ठ अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. तरुण सिंह की निगरानी में इलाज शुरू किया गया।

डॉ. तरुण सिंह ने बताया कि अधिक उम्र में इस तरह के हिप फ्रैक्चर का सामान्य तरीके से ठीक होना बेहद कठिन होता है। ऐसे मरीजों को लंबे समय तक बिस्तर पर रहना पड़ता है, जिससे संक्रमण, कमजोरी और अन्य गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। मरीज की स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों की टीम ने आधुनिक तकनीक से सर्जरी का निर्णय लिया। विभागाध्यक्ष डॉ. बेन के मार्गदर्शन में डॉक्टरों की टीम ने लॉन्ग स्टेम मॉड्यूलर बाइपोलर प्रोस्थेटिक हिप इम्प्लांट, टीबीडब्ल्यू तकनीक और एंक्लैस्प वायरिंग का उपयोग कर हड्डी को मजबूती प्रदान की। जटिल ऑपरेशन पूरी तरह सफल रहा।

इस सर्जरी को सुरक्षित रूप से संपन्न कराने में एनेस्थीसिया विभागाध्यक्ष डॉ. मधुमिता मूर्ति और उनकी टीम का विशेष योगदान रहा। वहीं नर्सिंग इंचार्ज सिस्टर योगेश्वरी ने ऑपरेशन से पहले और बाद में मरीज की देखभाल में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
डीन डॉ. रमणेश मूर्ति ने कहा कि अनुभवी चिकित्सकों की टीम और आधुनिक तकनीक के समन्वय से सिम्स में अब जटिल से जटिल सर्जरी भी सफलतापूर्वक की जा रही है, जिससे बुजुर्ग मरीजों को भी नया जीवन मिल रहा है।चिकित्सा अधीक्षक डॉ. लखन सिंह ने बताया कि समय पर गुणवत्तापूर्ण उपचार देना संस्थान की प्राथमिकता है। यह सफलता सिम्स की चिकित्सा सेवाओं तथा टीमवर्क की मिसाल है।


अन्य पोस्ट