ताजा खबर

हिमंत बिस्वा सरमा ने अपने ख़िलाफ़ ओवैसी की ओर से दर्ज़ शिकायत पर क्या कहा
10-Feb-2026 9:27 AM
हिमंत बिस्वा सरमा ने अपने ख़िलाफ़ ओवैसी की ओर से दर्ज़ शिकायत पर क्या कहा

असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी की ओर से दर्ज़ शिकायत पर प्रतिक्रिया दी है.

ओवैसी ने असम बीजेपी की तरफ से एक्स पर पोस्ट किए गए एक वीडियो के ख़िलाफ़ शिकायत दर्ज कराई है. हालाँकि यह वीडियो अब हटा लिया गया है.

इस शिकायत पर हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा, ''मैं जेल जाने के लिए तैयार हूं.''

असम के मुख्यमंत्री ने कहा, ''मैं जेल जाने के लिए तैयार हूं, मैं क्या कर सकता हूं? मुझे किसी भी वीडियो के बारे में कुछ नहीं पता. अगर उन्होंने मेरे ख़िलाफ़ मामला दर्ज़ कराया है तो मुझे गिरफ़्तार कर लीजिए. मुझे कोई आपत्ति नहीं है. लेकिन मैं अपने शब्दों पर कायम हूं. मैं बांग्लादेशी घुसपैठियों के ख़िलाफ़ हूं और आगे भी उनके ख़िलाफ़ रहूंगा.''

इससे पहले सोमवार को ओवैसी ने सोशल मीडिया पर प्रसारित (अब डिलीट किए जा चुके) एक वीडियो को लेकर असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के ख़िलाफ़ आपराधिक कार्रवाई की मांग करते हुए हैदराबाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई.

असम बीजेपी की ओर से एक्स पर साझा किए गए और बाद में हटाए गए वीडियो में कथित तौर पर हिमंत बिस्वा सरमा को एक राइफल तानते हुए और दो व्यक्तियों पर गोली चलाते हुए दिखाया गया था. जिसमें एक ने स्कल कैप पहन रखी है और दूसरे की दाढ़ी थी. इसका कैप्शन था, ''पॉइंट-ब्लैंक शॉट.' ' (bbc.com/hindi)


अन्य पोस्ट