ताजा खबर

सांस्कृतिक संगीत स्पर्धा में उत्कृष्ट रहा पश्चिम रेलवे का प्रदर्शन
04-Feb-2026 12:29 PM
सांस्कृतिक संगीत स्पर्धा में उत्कृष्ट रहा पश्चिम रेलवे का प्रदर्शन

देशभर के कलाकारों ने दिखाई सुरों की एकता

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बिलासपुर, 4 फरवरी। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, बिलासपुर द्वारा आयोजित अखिल भारतीय अंतर-रेलवे सांस्कृतिक प्रतियोगिता (संगीत) का दो दिवसीय आयोजन 3 फरवरी को समापन समारोह और पुरस्कार वितरण के साथ संपन्न हुआ।

आयोजन न्यू ऑडिटोरियम में आयोजित इस समारोह के मुख्य अतिथि महाप्रबंधक तरुण प्रकाश रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में सेक्रो (दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे महिला कल्याण संगठन) की अध्यक्ष मीनाक्षी शर्मा उपस्थित रहीं। इसके अलावा अपर महाप्रबंधक, विभागाध्यक्ष, वरिष्ठ अधिकारी, निर्णायक मंडल के सदस्य, प्रतिभागी कलाकार तथा बड़ी संख्या में रेलकर्मी और संगीत प्रेमी मौजूद रहे।

महाप्रबंधक ने सभी प्रतिभागियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि इस मंच पर मिली सहभागिता और अनुभव भविष्य में और बेहतर उपलब्धियों के लिए प्रेरणा बनेगा। ।

2 और 3 फरवरी  को आयोजित इस प्रतियोगिता में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे सहित 14 जोनल रेलवे, रेलवे बोर्ड तथा 5 उत्पादन इकाइयों से कुल 147 प्रतिभागियों ने भाग लिया।

समापन समारोह के अंत में महाप्रबंधक द्वारा विभिन्न श्रेणियों में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान किए गए। समग्र उत्कृष्ट प्रदर्शन का पुरस्कार पश्चिम रेलवे को मिला।  लाइट म्यूजिक गायन में पूर्वी रेलवे की श्रुति गुप्ता, शास्त्रीय गायन में पश्चिम रेलवे के चैतन्य परब, लाइट म्यूजिक वादन में मध्य रेलवे के अभिषेक सिन्हा तथा शास्त्रीय संगीत वादन में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के अमित मलिक प्रथम रहे। इसके अलावा द्वितीय और तृतीय स्थान के प्रतिभागी भी पुरस्कृत किए गए।  


अन्य पोस्ट