ताजा खबर
केंद्रीय राज्यमंत्री प्रधानमंत्री और रेल मंत्री के प्रति जताया आभार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बिलासपुर, 4 फरवरी। केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्यमंत्री तोखन साहू ने छत्तीसगढ़ में रेलवे अवसंरचना के तेज और अभूतपूर्व विकास के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण, इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति आभार व्यक्त किया है।
तोखन साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के सक्षम मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ का रेल क्षेत्र व्यापक और संरचनात्मक बदलाव से गुजरा है। इसके परिणामस्वरूप राज्य की कनेक्टिविटी सशक्त हुई है, औद्योगिक विकास को गति मिली है और यात्रियों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हो रही हैं।
केंद्रीय राज्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2009-14 के दौरान छत्तीसगढ़ के लिए वार्षिक रेलवे बजट जहां 311 करोड़ रुपये था, वहीं वर्ष 2026-27 में यह बढ़कर 7,470 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। लगभग 24 गुना की यह वृद्धि केंद्र सरकार की राज्य के समग्र विकास के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है।तोखन साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री और रेल मंत्री के सतत प्रयासों से छत्तीसगढ़ में रेलवे अवसंरचना का कायाकल्प हुआ है। राज्य में 51,080 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाएं, अमृत स्टेशन योजना, वंदे भारत एक्सप्रेस सेवाएं और शत-प्रतिशत विद्युतीकरण, विकास के एक नए अध्याय की शुरुआत का संकेत हैं।


