ताजा खबर

भारत-अमेरिका ट्रेड डील में कृषि और डेयरी सेक्टर को लेकर क्या बात हुई , पीयूष गोयल ने बताया
04-Feb-2026 9:12 AM
भारत-अमेरिका ट्रेड डील में कृषि और डेयरी सेक्टर को लेकर क्या बात हुई , पीयूष गोयल ने बताया

भारत के वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा है कि अमेरिका के साथ भारत की ट्रेड डील पर अंतिम दौर की बातचीत में ब्योरे तय किए जा रहे हैं.

मंगलवार को उन्होंने कहा कि बहुत जल्द भारत और अमेरिका की ओर से इस पर एक संयुक्त बयान जारी किया जाएगा. इसमें इस समझौते का विवरण होगा, जिस पर दोनों देश जल्द हस्ताक्षर करेंगे.

पीयूष गोयल ने कहा कि भारत ने अपने एग्रीकल्चर और डेयरी सेक्टरों के हितों का साथ कोई समझौता नहीं किया है.

उन्होंने कहा, ''प्रधानमंत्री ने कभी इनके हितों से समझौता नहीं किया है. लोगों को इसके बारे में पता है. इंडिया और यूएस डील के तहत एग्रीकल्चर और डेयरी जैसे संवेदनशील सेक्टर को लेकर, उनको संरक्षण दिया गया है.''

गोयल ने कहा कि जैसे ही अंतिम सहमति बन जाती है सारा विवरण सार्वजनिक किया जाएगा.

उन्होंने कहा, ''मैं भारत के लोगों को भरोसा दिलाना चाहता हूं कि यह ऐसा समझौता है, जो हर भारतीय को गर्व महसूस कराएगा. यह समझौता हमारे संवेदनशील क्षेत्रों, खासकर कृषि और डेयरी सेक्टर के हितों की पूरी तरह रक्षा करेगा.''

गोयल ने कहा, ''ये हमारे श्रम-प्रधान क्षेत्रों और निर्यात क्षेत्रों के लिए बड़े अवसर खोलेगा, जिनमें टेक्सटाइल, प्लास्टिक, रेडिमेड परिधान, होम डेकोर, चमड़ा और फुटवियर, रत्न और आभूषण, ऑर्गेनिक केमिकल्स, रबर उत्पाद, मशीनरी, कई तरह के औद्योगिक उत्पाद और विमान के कलपुर्जे शामिल हैं. यह वास्तव में ऐसा समझौता है, जिस पर हर भारतीय को गर्व हो सकता है.'' (bbc.com/hindi)


अन्य पोस्ट