ताजा खबर

राजस्थानः ब्रिटेन से आए दो पर्यटकों को भारत छोड़ने का नोटिस, पुलिस ने क्या बताया?
04-Feb-2026 10:13 AM
राजस्थानः ब्रिटेन से आए दो पर्यटकों को भारत छोड़ने का नोटिस, पुलिस ने क्या बताया?

-मोहर सिंह मीणा

राजस्थान पुलिस के क्रिमिनल इनवेस्टिगेशन डिपार्टमेंट (सीआईडी) ने ब्रिटेन से पुष्कर पहुंचे दो ब्रितानी नागरिकों को भारत छोड़ने के लिए कहा है. दोनों टूरिस्ट के ख़िलाफ़ इमीग्रेशन एंड फॉरेंसिक एक्ट 2025 के तहत दो फ़रवरी को यह कार्रवाई की गई है.

ब्रिटेन के नागरिक लेविश गेब्रिल दी और उनकी दोस्त एनुएशी इमा क्रिस्टीन पर यह कार्रवाई फ़लस्तीन के समर्थन में स्टिकर लगाने की वजह से हुई है.

सीआईडी के पुष्कर प्रभारी सब इंस्पेक्टर शक्ति सिंह ने बीबीसी को फ़ोन पर बताया, "21 जनवरी को हमें सूचना मिली थी कि कुछ दुकानों के बाहर फ़लस्तीन के समर्थन में स्टिकर लगाए गए हैं. हमने तलाश की और दोनों ब्रिटिश नागरिकों को पकड़ा. उन्होंने स्वीकार किया है कि ये स्टिकर उन्होंने लगाए थे."

शक्ति सिंह ने बताया कि दोनों के सामान की तलाशी में स्टिकर भी मिले हैं. इसकी रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेज दी गई है. रिपोर्ट के आधार पर दोनों ब्रितानी नागरिकों को भारत छोड़ने के लिए दो फ़रवरी को नोटिस जारी किया गया था.

दोनों नागरिक भारत से वापसी की टिकट करवा रहे हैं. कुछ दिन में वह भारत से वापस यूके लौट जाएंगे. (bbc.com/hindi)


अन्य पोस्ट