ताजा खबर

भारत ने मेलबर्न में महात्मा गांधी की तोड़कर हटाई गई प्रतिमा तुरंत बरामद करने की मांग की
04-Feb-2026 9:08 AM
भारत ने मेलबर्न में महात्मा गांधी की तोड़कर हटाई गई प्रतिमा तुरंत बरामद करने की मांग की

भारत ने मंगलवार को ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न स्थित ऑस्ट्रेलियन इंडियन कम्युनिटी सेंटर से महात्मा गांधी की प्रतिमा को तोड़े जाने की कड़े शब्दों में निंदा की और उसे तुरंत बरामद करने की मांग की.

ऑस्ट्रेलियाई मीडिया के मुताबिक़, कांसे की यह प्रतिमा 12 जनवरी की तड़के मेलबर्न के रोविल इलाके में स्थित कम्युनिटी सेंटर से कथित तौर पर हटा दी गई थी.

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा, “हम मेलबर्न के रोविल में स्थित ऑस्ट्रेलियन इंडियन कम्युनिटी सेंटर में महात्मा गांधी की प्रतिमा के साथ की गई तोड़फोड़ और उसे अज्ञात लोगों द्वारा हटाए जाने की कड़ी निंदा करते हैं.”

उन्होंने कहा, ''हमने यह मामला ऑस्ट्रेलियाई अधिकारियों के समक्ष ज़ोरदार तरीके़ से उठाया है और उनसे अपील की है कि वे लापता प्रतिमा को तुरंत बरामद करें और दोषियों को जवाबदेह ठहराएं.''

मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, 420 किलोग्राम वज़न की इस प्रतिमा को ग्राइंडर से उसके आधार से काट दिया गया, जिससे केवल पैर ही बचे.

यह प्रतिमा भारतीय सांस्कृतिक संबंध परिषद की ओर से भेंट की गई थी और इसे 2021 में तत्कालीन प्रधानमंत्री स्कॉट मॉरिसन ने भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच मजबूत संबंधों के प्रतीक के रूप में अनावरण किया था. (bbc.com/hindi)


अन्य पोस्ट