ताजा खबर
भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर ने अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो से वॉशिंगटन डीसी में मुलाक़ात की. इस दौरान दोनों नेताओं ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच हुई ट्रेड डील का स्वागत किया. साथ ही महत्वपूर्ण खनिजों की खोज और खनन में द्विपक्षीय सहयोग को औपचारिक रूप देने पर भी चर्चा की.
बुधवार को अमेरिका की ओर से आयोजित की जा रही पहली क्रिटिलक मिनरल्स मिनिस्टीरियल बैठक से पहले जयशंकर और मार्को रुबियो ने द्विपक्षीय वार्ता की.
इस बैठक के बाद एस जयशंकर ने एक्स पर लिखा, "अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो से मिलकर खुशी हुई. हमने व्यापक पहलुओं पर बातचीत की, जिसमें द्विपक्षीय सहयोग का एजेंडा, क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दे शामिल रहे."
उन्होंने लिखा, "भारत-अमेरिका रणनीतिक साझेदारी के जिन पहलुओं पर चर्चा हुई, उनमें व्यापार, ऊर्जा, परमाणु, रक्षा, महत्वपूर्ण खनिज और प्रौद्योगिकी शामिल हैं. हमारे साझा हितों को आगे बढ़ाने के लिए विभिन्न तंत्रों की बैठकों पर सहमति भी बनी."
वहीं, अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने भी जयशंकर के साथ मुलाक़ात की तस्वीर पोस्ट की और साथ में लिखा, "भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर से मिलकर महत्वपूर्ण खनिजों की खोज में हमारे द्विपक्षीय सहयोग पर चर्चा की. साथ ही ये भी चर्चा हुई कि दोनों देशों के बीच नई आर्थिक संभावनाओं के रास्ते कैसे खोल सकते हैं. हमने अमेरिका और भारत के बीच हुए व्यापार समझौते की भी सराहना की." (bbc.com/hindi)


