ताजा खबर

सदन में 'हंगामे' को लेकर टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा ने सरकार पर लगाए ये आरोप
03-Feb-2026 9:13 AM
सदन में 'हंगामे' को लेकर टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा ने सरकार पर लगाए ये आरोप

तृणमूल कांग्रेस सांसद महुआ मोइत्रा ने सदन में विपक्षी दलों के साथ भेदभाव का आरोप लगाया है.

महुआ मोइत्रा ने कहा है कि सत्ता पक्ष के लोग बोल सकते हैं लेकिन विपक्ष की बोलने की बारी आती है तो नियम का हवाला दिया जाता है.

उन्होंने आरोप लगाया है कि कई गंभीर मुद्दों पर विपक्ष को नियमों का हवाला देकर बोलने से रोक दिया जाता है.

उन्होंने कहा, "संसद में कोई हंगामा नहीं हुआ. यह अविश्वसनीय है कि सत्ताधारी पार्टी और ट्रेजरी बेंच, जिसमें प्रधानमंत्री, गृह मंत्री और संसदीय कार्य मंत्री शामिल हैं, विपक्ष के बारे में कुछ भी कैसे कह सकते हैं. वे हमें देशद्रोही कहते हैं. वे नियमित रूप से नेहरू का ज़िक्र करते हैं. वे विपक्ष के हर बड़े नेता का ज़िक्र करते हैं."

“वे हम पर आरोप लगाते हैं तो सब ठीक है. ऐसा कोई नियम नहीं है जो उन्हें रोकता हो. वे कुछ भी कह सकते हैं. तेजस्वी सूर्या जैसे कोई भी सांसद खड़े होकर कुछ भी कह सकते हैं और उसकी तारीफ़ होती है.”

महुआ मोइत्रा ने कहा, “जब हम विपक्ष के तौर पर कुछ कहने के लिए खड़े होते हैं, तो हमारे अधिकार छीन लिए जाते हैं और हमसे कहा जाता है कि इस पर एक नियम है…क्या आप मुझसे कह रहे हैं कि भारत-चीन संबंधों का ज़िक्र सदन में नहीं किया जा सकता? भारत-पाकिस्तान संबंधों का ज़िक्र सदन में नहीं किया जा सकता? भारत-अमेरिका संबंधों का ज़िक्र सदन में नहीं किया जा सकता? हमें किस बारे में बात करनी चाहिए? बैठ जाएं और जय प्रधानमंत्री करें? क्या हमें सदन में बस यही करना चाहिए?..."

इससे पहले कांग्रेस पार्टी ने आरोप लगाया है कि संसद में नेता विपक्ष राहुल गांधी जनरल मनोज मुकुंद नरवणे जी की किताब का हवाला देना चाहते हैं, लेकिन मोदी सरकार उन्हें बोलने नहीं दे रही. (bbc.com/hindi)


अन्य पोस्ट