ताजा खबर
उत्तराखंड में पौड़ी ज़िले के कोटद्वार कस्बे में बीते दिनों एक मुस्लिम दुकानदार के समर्थन में आए 'मोहम्मद दीपक' के ख़िलाफ़ एफ़आईआर दर्ज की गई है.
इस पर दीपक ने प्रतिक्रिया देते हुए अपने ऊपर हुई इस एफ़आईआर पर सवाल खड़ा किया है.
उन्होंने कहा, “मुझे समझ नहीं आता कि मेरे ख़िलाफ़ मामला क्यों दर्ज किया गया, जबकि पूरी लड़ाई दूसरी तरफ से शुरू हुई थी. हम किसी राजनीतिक पार्टी का समर्थन नहीं करते, बल्कि एक विचारधारा का समर्थन करते हैं. हनुमान हर जिम में जाने वाले के लिए एक आदर्श हैं, क्योंकि वह मेहनत के लिए प्रेरित करते हैं.”
26 जनवरी के दिन हुई घटना को लेकर पुलिस का कहना है कि उन्होंने तत्काल मौके पर पुलिस भेजकर 'स्थिति पर काबू' पा लिया और स्वत: संज्ञान लेकर देहरादून से आए कुछ लोगों के ख़िलाफ़ प्राथमिकी दर्ज की है.
दरअसल एक मुस्लिम दुकानदार पर दुकान का नाम बदलने का दबाव डालने का दीपक ने विरोध किया था और बात बढ़ने पर उन्होंने खुद का नाम 'मोहम्मद दीपक' बताया था. बाद में यह घटना सोशल मीडिया में तेज़ी से वायरल हो गई.
इस प्रकरण में दोनों पक्षों की ओर से पुलिस को तहरीर दी गई थी, जिसके आधार पर अलग-अलग मुक़दमे दर्ज किए गए हैं.
पौड़ी ज़िले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार ने सोमवार को बीबीसी हिन्दी को बताया कि दीपक कुमार उर्फ़ अक्की, विजय रावत और अन्य के ख़िलाफ़ भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2), 191(1), 351(2) और 352 के तहत मुक़दमा पंजीकृत किया गया है. जबकि दूसरे पक्ष के 30 से 40 अज्ञात लोगों के ख़िलाफ़ मामला दर्ज किया गया है. (bbc.com/hindi)


