ताजा खबर
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने दिल्ली में चुनाव आयोग के दफ़्तर जाने के बाद बयान दिया है. ममता बनर्जी 15 सदस्यों के एक प्रतिनिधिमंडल के साथ मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से मिलने पहुँची थीं.
उन्होंने चुनाव आयोग के दफ़्तर से निकलकर कहा, "मैं बहुत दुखी हूं. मैं बहुत लंबे समय से दिल्ली की राजनीति में शामिल रही हूं. मैं 4 बार मंत्री और 7 बार सांसद रही हूं. लेकिन मैंने कभी ऐसा चुनाव आयोग नहीं देखा जो इतना अहंकारी और झूठा है."
उन्होंने कहा, "मैंने उनसे कहा कि मैं आपकी कुर्सी की इज़्ज़त करती हूं क्योंकि कोई भी कुर्सी किसी के लिए स्थायी नहीं होती. एक दिन आपको जाना ही होगा, लेकिन ऐसी नज़ीर मत बनाइए. और केवल बंगाल को क्यों निशाना बनाया जा रहा है. चुनाव लोकतंत्र में एक त्योहार होते हैं, लेकिन आपने 98 लाख लोगों के नाम हटा दिए और उन्हें अपना बचाव करने का मौक़ा नहीं दिया."
इससे पहले टीएमसी ने एक्स पर पोस्ट किया है, "आज ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी के नेतृत्व में 15 सदस्यों का एक प्रतिनिधिमंडल मुख्य चुनाव आयुक्त से मिलेगा, ताकि बंगाल में एसआईआर (वोटर लिस्ट का स्पेशल इंटेंसिव रिवीज़न) के पक्षपाती, मनमाने, भेदभाव वाले और राजनीतिक रूप से प्रेरित आचरण पर अपनी गंभीर चिंताओं को औपचारिक रूप से दर्ज कराया जा सके." (bbc.com/hindi)


