ताजा खबर

कोलकाता: गोदाम अग्निकांड में मृतकों की संख्या पर पुलिस ने दी जानकारी
01-Feb-2026 7:32 PM
कोलकाता: गोदाम अग्निकांड में मृतकों की संख्या पर पुलिस ने दी जानकारी

-इल्मा हसन

कोलकाता के आनंदपुर इलाके़ में गोदामों में लगी आग के मामले में पुलिस ने कहा है कि अब तक मिले अवशेषों के आधार पर मृतकों की संख्या 27 तक हो सकती है.

हालांकि अधिकारियों का कहना है कि मृतकों की अंतिम पुष्टि डीएनए जांच पूरी होने के बाद ही की जा सकेगी.

बारुईपुर के पुलिस अधीक्षक सुवेंद्र कुमार ने बीबीसी हिन्दी को बताया, "रेस्क्यू ऑपरेशन अब ख़त्म हो चुका है. 27 बॉडी पार्ट्स को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है. इस मामले में तीन लोग पुलिस रिमांड पर हैं. दमकल विभाग ने अपनी जांच पूरी कर ली है और वे हमें एक विस्तृत रिपोर्ट सौंपेंगे."

यह आग 26 जनवरी की सुबह क़रीब तीन बजे लगी थी. शुरुआती जांच में सामने आया है कि आग सबसे पहले एक डेकोरेटर कंपनी के गोदाम में लगी और फिर उससे सटे उस गोदाम तक फैल गई, जिसे फास्ट-फूड चेन वॉव मोमो इस्तेमाल कर रही थी.

दोनों ही गोदामों में बड़ी मात्रा में ज्वलनशील सामग्री रखी हुई थी, जिसकी वजह से आग तेज़ी से फैल गई. उस वक़्त कई मजदूर गोदामों के भीतर मौजूद थे, जिनमें से कई बाहर नहीं निकल पाए.

वॉव मोमो ने कहा है कि उनके गोदाम में तीन लोग मौजूद थे.

पुलिस ने इस मामले में पुष्पांजलि डेकोरेटर्स के मालिक गंगाधर दास को गिरफ़्तार किया है. इसके अलावा वॉव मोमो से जुड़े मैनेजर राजा चक्रवर्ती और डिप्टी मैनेजर मनोरंजन शीट को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. पुलिस का कहना है कि तीनों अभियुक्त फिलहाल रिमांड पर हैं और जांच जारी है.

दमकल विभाग से जुड़े सूत्रों ने बताया है कि जिस डेकोरेटर गोदाम में आग लगी, वहां फायर सेफ़्टी के ज़रूरी मानकों का पालन नहीं किया गया था.

पुलिस ने बताया कि फ़ायर सेफ़्टी से जुड़ी खामियों को देखते हुए वॉव मोमो से जुड़े एक अधिकारी को भी गिरफ़्तार किया गया है. यह भी जांच की जा रही है कि क्या दोनों गोदामों के पास वैध फ़ायर सेफ़्टी क्लीयरेंस मौजूद था या नहीं.

इस बीच, पीड़ित परिवारों के डीएनए सैंपल लिए गए हैं ताकि अवशेषों की पहचान की जा सके. प्रशासन के मुताबिक़, फ़ॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही यह साफ़ हो पाएगा कि इस हादसे में कुल कितने लोगों की जान गई. (bbc.com/hindi)


अन्य पोस्ट