ताजा खबर

सिरपुर में पर्यटन की अपार संभावनाएं, विकास तेजी से होगा-साय
01-Feb-2026 6:09 PM
सिरपुर में पर्यटन की अपार संभावनाएं, विकास तेजी से होगा-साय

3 दिनी सिरपुर महोत्सव शुरु, देश-विदेश से पहुंचे मेहमान

'छत्तीसगढ़' संवाददाता
महासमुंद, 1 फरवरी।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि सिरपुर में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं, इसे विश्व धरोहर बनाने की दिशा में काम करेंगे।

रविवार शाम करीब 4.42 बजे मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सिरपुर पहुंचे। सबसे पहले वहां जिला सरकार के विभिन्न विभागों का अवलोकन किया। मंच पर उनके साथ जिले के प्रभारी मंत्री दयाल दास बघेल, विधायक महासमुंद योगेश्वर राजू सिन्हा, बसना विधायक सम्पत अग्रवाल, जिला पंचायत महासमुंद की अध्यक्ष मोंगरा पटेल, उपाध्यक्ष भीखम सिंह ठाकुर, नगरपालिका महासमुंद के अध्यक्ष निखिलकांत साहू, पूर्व विधायक डॉ. विमल चोपड़ा, कलेक्टर विनय कुमार लंगेह, पुलिस अधीक्षक महासमुंद प्रभात कुमार मौजूद थे।

 मंचस्थ होने से पहले ही उन्होंने 200 करोड़ रु. के विकास कार्य का शिलान्यास किया। दीप प्रज्ज्वलन के बाद सभा की शुरूआत हुई। अतिथि स्वागत के बाद कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने प्रतिवेदन प्रस्तुत किया।

 आज  सिरपुर के ऐतिहासिक वैभव और समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर को नजदीक से समझने-देखने इस बार विदेशी मेहमान भी सिरपुर महोत्सव में पहुंचे हुए हैं। तीन दिवसीय सिरपुर महोत्सव में देश-विदेश के इतिहास, कला और संस्कृति के जानकार भाग ले रहे हैं।

महोत्सव में दक्षिण कोरिया से इतिहास, कला और संस्कृति के विशेषज्ञ आमंत्रित किए गए हैं। इनमें दक्षिण कोरिया के प्रो. जंग संगीर, किम डांग ग्वी, डॉ. ली ची रैन और एन नाजियम प्रमुख रूप से शामिल हैं।

समारोह में नागपुर से दीक्षा भूमि स्मारक समिति के अध्यक्ष भदंत आर्य नागार्जुन सुरई ससाई जी तथा कर्नाटक से भदंत प्रज्ञा बोधि थेरो की उपस्थित हैं। देश के विभिन्न हिस्सों से बौद्ध धर्म के आर्य एवं विद्वान भी इस आयोजन में शामिल होकर सिरपुर की ऐतिहासिक और बौद्ध विरासत पर अपने विचार साझा करेंगे।

इसके अलावा महोत्सव में बॉलीवुड और छालीवुड के प्रसिद्ध कलाकार अपनी प्रस्तुतियों से समा बांधेंगे और दर्शकों को सांस्कृतिक रंगों से सराबोर करेंगे। तीन दिनों तक चलने वाला यह महोत्सव सिरपुर की प्राचीन सभ्यता, विरासत, कला-संस्कृति और पर्यटन को राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय मंच पर नई पहचान दिलाने का सशक्त माध्यम बनेगा।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि सौभाग्य की बात है कि विदेशों से अतिथि पधारे हैं। आज माघी पूर्णिमा की बधाईयां। सिरपुर में तीन संस्कृति का विस्तार है। यहां विभिन्न राज्यों से पहुंचे कलाकार भी अपने अपने क्षेत्र की संस्कृति का आदान-प्रदान करेंगे। आगे सिरपुर में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं, इसे विश्व धरोहर बनाने की दिशा में काम करेंगे। कोडार जलाशय को सिकासार को पाइप लाइन से जोडऩे का काम होगा। सिरपुर का विकास तेजी से होगा।

 महासमुंद विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने कहा कि छग में नक्सलियों की नस कट चुकी हैं। चारों तरफ से नदियां महासमुंद जिले को सिंचित कर रही हैं। भगवान शिव का वास यहां हैं और सिरपुर तो हिंदू, बौद्ध, और जैन धर्म का सम्मिलन स्थल है।

प्रभारी मंत्री दयाल दास बघेल ने कहा कि सिरपुर महोत्सव जैसे आयोजन से वैश्विक पहचान की दिशा में विशेष पहल है।


अन्य पोस्ट