ताजा खबर

रोहित शेट्टी के मुंबई स्थित आवास के बाहर गोलीबारी, जांच शुरू
01-Feb-2026 9:59 AM
रोहित शेट्टी के मुंबई स्थित आवास के बाहर गोलीबारी, जांच शुरू

मुंबई, 1 फरवरी। मुंबई के पश्चिमी उपनगर जुहू में फिल्म निर्माता एवं निर्देशक रोहित शेट्टी के आवास के बाहर रविवार तड़के अज्ञात लोगों ने गोलीबारी की। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

एक अधिकारी ने बताया कि इस दौरान कोई हताहत नहीं हुआ और इस घटना के बाद इमारत के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

उन्होंने कहा कि अभी यह पता नहीं चल पाया है कि घटना के समय शेट्टी अपने आवास पर थे या नहीं।

अधिकारी ने कहा, ‘‘किसी ने इमारत पर गोली चलाई। क्षेत्रीय पुलिस और अपराध शाखा की टीम मामले की जांच कर रही हैं।’’

अधिकारी ने बताया कि शुरुआती रिपोर्ट के अनुसार अज्ञात लोगों ने इमारत पर चार गोलियां चलाईं। उन्होंने बताया कि जुहू पुलिस और अपराध शाखा की टीम मौके पर पहुंचीं और उन्होंने जांच शुरू की।

अधिकारी ने बताया कि इमारत के बाहर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है और साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंच गई है।

आरोपियों की पहचान करने और घटनाक्रम का पता लगाने के लिए पुलिस इमारत के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच कर रही है।

अधिकारी ने बताया कि इमारत के बाहर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है और साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंच गई है।

उन्होंने कहा कि घटना के संबंध में प्राथमिकी दर्ज की गई है।

शेट्टी ‘गोलमाल’, ‘सिंघम’ और ‘चेन्नई एक्सप्रेस’ जैसी फिल्मों के लिए जाने जाते हैं। (भाषा)


अन्य पोस्ट