ताजा खबर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
मुंगेली, 21 जनवरी। मुंगेली जिले में धान भंडारण और उठाव को लेकर अनियमितता फिर सामने आई है। गणेश मिनरल्स राइस मिल, सरगांव में जिला प्रशासन की संयुक्त जांच के दौरान हजारों कट्टी धान कम पाया गया है। मिल को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया है। प्रारंभिक जांच में धान की बड़े पैमाने पर हेराफेरी की आशंका जताई जा रही है।
मालूम हो कि राजस्व विभाग, खाद्य विभाग और सहकारिता विभाग के संयुक्त दल ने राइस मिल का सोमवार को आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मिल परिसर में भंडारित धान का भौतिक सत्यापन प्वाइंटर्स के माध्यम से कराया गया। जांच में कुल 44 हजार 438 कट्टी धान, यानी करीब 17 हजार 775.2 क्विंटल धान कम पाया गया।
जांच के दौरान मिल के मैनेजर और कर्मचारियों से इस बड़े अंतर को लेकर पूछताछ की गई, लेकिन कोई भी संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। किसी भी स्तर पर कमी का स्पष्ट कारण सामने नहीं आने से धान की हेराफेरी की आशंका गहरा गई।
प्रारंभिक आकलन के अनुसार कम पाए गए धान की अनुमानित कीमत करीब 5.5 करोड़ रुपये है। अधिकारियों का कहना है कि यह मात्रा सामान्य त्रुटि नहीं हो सकती और इसमें संगठित अनियमितता की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।
जांच के दौरान एक और गंभीर तथ्य सामने आया। राइस मिल में सीसीटीवी रिकॉर्डिंग से संबंधित कोई दस्तावेज या साक्ष्य प्रस्तुत नहीं किया गया। जांच दल के मिल पहुंचते ही कर्मचारियों द्वारा सीसीटीवी कैमरे बंद कर दिए गए। बाद में भी कैमरे दोबारा चालू नहीं किए गए।
इस स्थिति को देखते हुए मौके पर ही सीसीटीवी डीवीआर जब्त कर लिया गया है, ताकि रिकॉर्डिंग की फॉरेंसिक जांच कराई जा सके।
कलेक्टर के निर्देश पर गणेश मिनरल्स राइस मिल को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया है।


