ताजा खबर

बच्चों ने मां और बुआ पर लगाया श्मशान से पिता की अस्थियां चुराने का आरोप
21-Jan-2026 12:33 PM
बच्चों ने मां और बुआ पर लगाया श्मशान से पिता की अस्थियां चुराने का आरोप

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बिलासपुर, 21 जनवरी। दो नाबालिग बच्चों ने अपनी मां और बुआ पर पिता की अस्थियां श्मशान घाट से चोरी करने का आरोप लगाया है। बच्चों का कहना है कि उनकी मां ने संपत्ति के लालच में यह कदम उठाया है। बच्चों ने पुलिस से अस्थियां वापस दिलाने और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।

भारतीय नगर निवासी आलोक ठाकरे का 15 जनवरी को निधन हो गया था। उसी दिन भारतीय नगर मुक्तिधाम में उनका अंतिम संस्कार किया गया। मृतक के 12 वर्षीय बेटे प्रथमेश ने हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार मुखाग्नि दी थी। परिवार के अनुसार, अंतिम संस्कार के बाद अस्थि-संचय और धार्मिक क्रियाएं की जानी थीं।

बच्चों का आरोप है कि 17 जनवरी को उनकी मां खुशबू ठाकुर और बुआ ज्योति पाण्डेय मुक्तिधाम पहुंचीं और चिता से अस्थियों को एकत्र कर झोले में भरकर अपने साथ ले गईं। इस घटना से अंतिम संस्कार की परंपरागत प्रक्रिया बाधित हुई।

मृतक के 12 वर्षीय बेटे और 5 वर्षीय बेटी ने अपने संरक्षक मयंक वर्मा के साथ सिविल लाइन थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। बच्चों ने मां और बुआ के खिलाफ धार्मिक कार्यों में बाधा डालने और अस्थियां चोरी करने का आरोप लगाया है।

शिकायत में कहा गया है कि श्मशान घाट में लगे सीसीटीवी कैमरों में अस्थियां ले जाते हुए दोनों महिलाएं साफ दिखाई दे रही हैं। बच्चों ने बताया कि उन्होंने गंगा में अस्थि विसर्जन के लिए अपनी मां से अस्थियां मांगी थीं, लेकिन उन्हें देने से इनकार कर दिया गया।

बच्चों ने पुलिस को यह भी बताया कि उनकी मां करीब दो साल पहले उन्हें छोड़कर चली गई थी। इस दौरान पिता ही अकेले उनका पालन-पोषण कर रहे थे। आरोप है कि पिता की मृत्यु के बाद अब उनकी मां संपत्ति और पैसों के उद्देश्य से वापस आई है।

थाना प्रभारी सुम्मत राम साहू ने बताया कि मामला पारिवारिक और संपत्ति विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। श्मशान घाट के सीसीटीवी फुटेज और अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

 


अन्य पोस्ट