ताजा खबर
रेल मंत्री ने नई दिल्ली में किया सम्मान, तीन प्रतिष्ठित शील्ड भी मिलीं
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
बिलासपुर, 12 जनवरी। भारतीय रेल द्वारा आयोजित 70वें अति विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार–2025 समारोह में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। यह समारोह नई दिल्ली स्थित यशोभूमि में आयोजित हुआ, जहां केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने रेल अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मानित किया।
इस प्रतिष्ठित समारोह में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के एक अधिकारी और एक कर्मचारी को अति विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार–2025 प्रदान किया गया। सम्मान पाने वालों में दिलीप सिंह, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक, नागपुर तथा सांध्य प्रदीप चौबे, स्टेशन अधीक्षक, रायपुर शामिल हैं। दोनों को रेल मंत्री द्वारा व्यक्तिगत रूप से सम्मानित किया गया।
दिलीप सिंह को रेल संचालन, संरक्षा और डिजिटल नवाचार के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए यह पुरस्कार मिला। उनके प्रयासों से परिचालन प्रक्रियाओं में पारदर्शिता, आधुनिकता और कार्यकुशलता को मजबूती मिली है। वहीं, सांध्य प्रदीप चौबे को नया रायपुर स्थित एचपीसीएल गति शक्ति कोचिंग टर्मिनल की बिना बड़े व्यवधान के सफल कमीशनिंग सहित रेल संचालन में उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया। उनके कार्यों ने परियोजना प्रबंधन और समन्वय के बेहतर उदाहरण पेश किए हैं।
उत्कृष्ट सामूहिक प्रदर्शन के लिए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे को तीन राष्ट्रीय स्तर की शील्ड भी प्रदान की गईं। इनमें ट्रैफिक ट्रांसपोर्टेशन शील्ड, रेल मदद शील्ड तथा उत्कृष्ट गुणवत्ता (वर्कशॉप) शील्ड – मोतीबाग वर्कशॉप, नागपुर शामिल हैं।


