ताजा खबर
अफ़ग़ानिस्तान में तालिबानी शासन के तहत स्वास्थ्य मंत्री मौलवी नूर जलाल जलाली ने दिल्ली में मीडिया से बात करते हुए अफ़ग़ानिस्तान में नकली दवाओं, पाकिस्तान और भारत से रिश्तों पर बात की है.
नूर जलाल ने कहा, "अफ़ग़ानिस्तान में नकली दवाओं का लोगों पर नकारात्मक असर पड़ा है. लोगों ने डॉक्टर पर भरोसा करना बंद कर दिया था. क्योंकि आपको भी पता है कि अगर दवाएं नकली होंगी या कम गुणवत्ता की होंगी तो इसका कुछ असर नहीं होगा."
उन्होंने कहा, "अफ़ग़ानिस्तान में 60-70 प्रतिशत दवाओं की सप्लाई पाकिस्तान से होती थी. अब पिछले हालातों को देखते हुए हमने दूसरे बाजारों की ओर रुख़ किया है उनमें से भारत भी एक है."
अफ़ग़ान तालिबान स्वास्थ्य मंत्री ने कहा, "भारत के साथ हमारे मज़बूत संबंध हैं. हम यहां पर सहयोग का एक नया अध्याय शुरू करने के लिए हैं. जहां तक बात पाकिस्तान की है तो हमारे रिश्ते अभी बहुत ख़राब हैं."
उन्होंने कहा, "स्वास्थ्य मंत्री के रूप में मेरा सिर्फ एक दुश्मन है और वह बीमारियां हैं. अगर मैं अपने दुश्मन को किसी भी देश की मदद से हरा सकता हूं, तो मैं मदद के लिए हाथ बढ़ाऊंगा." (bbc.com/hindi)


