ताजा खबर

गिल, जायसवाल और जितेश शर्मा के टी20 वर्ल्ड कप टीम से बाहर होने पर क्रिकेट एक्सपर्ट क्या बोले
21-Dec-2025 8:47 AM
गिल, जायसवाल और जितेश शर्मा के टी20 वर्ल्ड कप टीम से बाहर होने पर क्रिकेट एक्सपर्ट क्या बोले

अगले साल फ़रवरी में होने वाले टी20 वर्ल्ड कप के लिए भारतीय टीम का एलान हो गया है. इसी टीम को टूर्नामेंट से पहले जनवरी में न्यूज़ीलैंड के ख़िलाफ़ होने वाली पांच मैचों की टी20 सिरीज़ में भी उतारा जाएगा.

भारतीय टीम के एलान पर कई पूर्व क्रिकेटरों और विशेषज्ञों ने प्रतिक्रिया दी है. इस टीम में शुभमन गिल, यशस्वी जायसवाल और जितेश शर्मा जैसे बड़े नामों को जगह नहीं मिली है.

आइए जानते हैं, किसने क्या कहा?

  • पूर्व क्रिकेटर संजय मांजरेकर ने कहा, "जब आप टेस्ट में प्रदर्शन के आधार पर किसी खिलाड़ी को टी20 टीम में चुनते हैं, तो यही होता है. गिल को टीम से बाहर करना असल में सिलेक्टर्स की उस ग़लती को सुधारना है जो उन्होंने इंग्लैंड दौरे के बाद अति उत्साह में की थी."
  • रविचंद्रन अश्विन ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, "ज़ाहिर तौर पर शुभमन गिल का काफ़ी सपोर्ट किया गया. सेलेक्टर्स ने उन पर भरोसा दिखाया और उन्हें सीधे उपकप्तान बनाया गया. इस समय जो कॉम्बिनेशन बना हुआ है, वह बहुत अच्छा है. मेरा मानना है कि भारतीय टीम मैनेजमेंट से भी इस पर फ़ीडबैक आया होगा."
  • क्रिकेट कमेंटेटर अयाज़ मेमन ने कहा, "ईशान किशन की शानदार फ़ॉर्म ने अगरकर और उनकी टीम को गिल को टी20 वर्ल्ड कप टीम से बाहर करने का मौक़ा दिया. किशन के रूप में भारत को न सिर्फ़ एक शानदार फ़ॉर्म में चल रहा खिलाड़ी मिला, बल्कि एक विकेटकीपर भी मिल गया, जिससे जितेश शर्मा की ज़रूरत भी ख़त्म हो गई. "
  • पूर्व क्रिकेटर आकाश चोपड़ा ने कहा, "गिल को बाहर करना सिर्फ़ उनके हालिया फ़ॉर्म के आधार पर लिया गया फ़ैसला नहीं है. यह उस सोच में बदलाव से जुड़ा है, जिसे भारत ने एशिया कप की शुरुआत में अपनाया था. वो सोच ये थी कि मल्टी-नेशन टूर्नामेंट में हर मैच में 200 से ज़्यादा रन बनाना ज़रूरी नहीं होता. बड़े मैचों में एक एंकर की ज़रूरत होती है. इसी सोच की वजह से संजू को मौक़े नहीं मिल पाए और यशस्वी भी टीम में नहीं बने रह सके."
  • भारतीय टीम: सूर्य कुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल (उप-कप्तान), रिंकू सिंह, जसप्रीत बुमराह, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव, वरुण चक्रवर्ती, वॉशिंगटन सुंदर और ईशान किशन (विकेटकीपर). (bbc.com/hindi)

अन्य पोस्ट