ताजा खबर

अगले तीन दिन अटल नगर पर आकाशीय निगरानी भी
27-Nov-2025 5:50 PM
अगले तीन दिन अटल नगर पर आकाशीय निगरानी भी

डीजी आईजी कॉन्फ्रेंस के लिए जमीन पर 2000 से अधिक जवान अफसर तैनात

'छत्तीसगढ़' संवाददाता 
रायपुर, 27 नवंबर ।
 नवा रायपुर, अटल नगर में कल से होने जा रहे डीजी–आईजी सम्मेलन को लेकर सुरक्षा तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा चुका है। भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम) परिसर में आयोजित इस अखिल भारतीय सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल की उपस्थिति के चलते पूरे क्षेत्र में अभूतपूर्व सुरक्षा इंतज़ाम किए गए हैं। यह पहला अवसर है जब छत्तीसगढ़ इस राष्ट्रीय पुलिस नेतृत्व बैठक की मेजबानी कर रहा है, और इसी कारण नवा रायपुर को उच्चतम सुरक्षा मानकों के घेरे में लिया गया है।

सुरक्षा व्यवस्था का ढांचा बहुस्तरीय है, जिसमें जमीनी तैनाती, आकाशीय निगरानी और रियल–टाइम रूट ऑब्जर्वेशन को एकीकृत किया गया है। तीन दिनों तक चलने वाले इस आयोजन के लिए 2000 से अधिक पुलिसकर्मी  और स्पेशल यूनिट्स को लगाया गया है। इनमें 38 वरिष्ठ अधिकारी शामिल हैं। और विभिन्न सेक्टरों में तैनाती, मार्ग नियंत्रण तथा वीवीआईपी मूवमेंट की निगरानी की कमान संभाल रहे हैं। इनके साथ रायपुर एवं नवा रायपुर के विभिन्न थानों के एसएचओ और प्रशिक्षित कॉन्स्टेबल बल भी तैनात हैं।

पूरे अभियान की कमान एडीजीपी प्रशिक्षण दिपांशु काबरा के हाथ में है। उनके साथ रायपुर रेंज के आईजी अमरेश मिश्रा, पुलिस अकादमी निदेशक आईजी अजय यादव और डीआईजी प्रशांत अग्रवाल, डीआईजी  अमित तुकाराम कंबले तथा डीआईजी डॉ. संतोष कुमार सिंह जैसी वरिष्ठ टीम लगी हुई है। सात एसएसपी–एसपी स्तर के अधिकारी और 25 एसपीएस अधिकारी (एएसपी से डीएसपी रैंक तक) सेक्टर–बेस्ड जिम्मेदारियों पर तैनात हैं, जिनमें रूट ऑडिट, तैनाती सत्यापन, रिस्पॉन्स–टीम की तत्परता और सम्मेलन के दौरान संभावित आपात स्थितियों का निपटारा शामिल है।

एयरपोर्ट का आगमन द्वार 1 आम यात्रियों के लिए बंद

माना एयरपोर्ट पर आज से तीन दिन आगमन (अराइवल) द्वार नंबर एक बंद रहेगा। ऐसा डीजी कांफ्रेंस में आ रहे वीवीआईपी की सुरक्षा व्यवस्था और उनकी आवाजाही को सुविधाजनक बनाने किया गया है। मिली जानकारी अनुसार अन्य यात्री आगमन द्वार -2 से आ जा सकेंगे। सुरक्षा एजेंसियों ने आज रिहर्सल के दौरान यह निर्णय लेकर एयरपोर्ट प्रबंधन को तत्काल लागू करने कहा है। एजेंसियों ने एसपीजी के साथ आज एयरपोर्ट से कांफ्रेंस स्थल आईआईएम तक सुरक्षा ड्रिल किया।और पूरे परिसर को अपने कब्जे में ले लिया है।


अन्य पोस्ट