ताजा खबर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कवर्धा, 27 नवंबर। कबीरधाम पुलिस ने अवैध रूप से नकली देशी प्लेन मदिरा तैयार करने और बेचने के मामले में एक अंतरराज्यीय गिरोह का खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार, गिरोह के सदस्य नकली शराब बनाकर उसे भट्टी शराब या वैध मदिरा के रूप में बेच रहे थे।
पुलिस के अनुसार, साइबर टीम ने तकनीकी विश्लेषण, कॉल डिटेल और लोकेशन के आधार पर गिरोह की गतिविधियों संबंधी जानकारी जुटाई। इसके बाद पुलिस टीम ने ग्राम पोड़ी जिला कबीरधाम में आरोपी नंद कुमार कुर्रे के घर पर दबिश दी, जहां नकली शराब तैयार करने से संबंधित सामग्री मिली।
पुलिस के अनुसार जब्त सामग्री में 49 पाव नकली देशी प्लेन मदिरा (कुल 8820 एमएल), नकली स्टिकर 6 बंडल, नकली होलोग्राम 8 पेज, खाली पाव बोतलें 7 बोरी, प्रिंटेड ढक्कन, 25 लीटर क्षमता के 42 जरीकेन, पानी के 19 जार, 3 बॉटलिंग मशीन, अन्य पैकिंग सामग्री है।
गिरफ्तार आरोपी में नंद कुमार कुर्रे, इस्लाम उर्फ सुद्दू, शेख साजिद, छोटू उर्फ दिनेश चंद्रवंशी सभी निवासी पोड़ी, जिला कबीरधाम हैं।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में दो और व्यक्तियों के नाम सामने आए हैं। उनमें से एक व्यक्ति अन्य प्रकरण में पहले से जेल भेजा जा चुका है, जबकि दूसरा फरार है।
पुलिस ने बताया कि पैकिंग सामग्री, होलोग्राम, लेबल, केमिकल और ढक्कन झारखंड से उपलब्ध कराए जाते थे, जिसकी जांच की जा रही है।
आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धाराएँ 34(1)ख, 34(2), 35, 49क, 59क तथा बीएनएस की धाराएं 318(4), 336(2), 336(3), 340(2), 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना जारी है।
पुलिस ने कहा है कि जिले में अवैध शराब, नकली मदिरा निर्माण या रासायनिक पदार्थों के उपयोग से संबंधित किसी भी गतिविधि पर कार्रवाई की जाएगी और संबंधित नेटवर्क की जांच आगे बढ़ाई जाएगी।


