ताजा खबर

नवोदय विद्यालय में छात्र की मौत पर हंगामा
27-Nov-2025 1:16 PM
नवोदय विद्यालय में छात्र की मौत पर हंगामा

परीक्षा छोड़कर छात्रों का सड़क पर प्रदर्शन, एसडीएम करेंगे जांच

छत्तीसगढ़' संवाददाता 

बिलासपुर, 27 नवंबर। मल्हार स्थित पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय में 10वीं के छात्र हर्षित यादव की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद मामला तूल पकड़ गया है। बुधवार को सैकड़ों छात्र स्कूल प्रबंधन के खिलाफ सड़क पर उतर आए और कई घंटों तक जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। छात्रों का आरोप है कि यहां मेडिकल सुविधा कमजोर है, हॉस्टल बदहाल है और शिकायतों के बावजूद वर्षों से व्यवस्थाएँ सुधारी नहीं गईं।
बेलगहना निवासी हर्षित यादव हॉस्टल में रहकर पढ़ाई करता था। परिजनों के अनुसार, तबीयत बिगड़ने पर छात्र को समय पर इलाज नहीं मिला। एंबुलेंस उपलब्ध न होने की वजह से उसके पिता को गंभीर हालत में हर्षित को बाइक पर बांधकर अस्पताल ले जाना पड़ा, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। परिवार ने इसे साफ लापरवाही बताया है।

मौत के दो दिन बाद भी प्रबंधन की चुप्पी से नाराज छात्रों ने सामूहिक विरोध का फैसला लिया। सुबह से ही वे स्कूल गेट के बाहर धरने पर बैठ गए। छात्रों का कहना है कि हॉस्टल के टॉयलेट टूटे हुए हैं, दीवारों में सीपेज है, पंखे खराब हैं और 500 छात्रों पर केवल तीन सफाई कर्मी लगाए गए हैं, जिससे गंदगी और बदबू बनी रहती है।

खाने की गुणवत्ता भी बेहद खराब बताई गई—कभी पानी जैसी दाल, तो कभी उबले आलू डालकर परोसी जाती है। शिकायत करने पर प्रबंधन डांटकर चुप करा देता है।
प्री-बोर्ड परीक्षा के बीच ही छात्रों ने सड़क पर उतरकर नारेबाजी की और कलेक्टर को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े रहे। कई छात्र और अभिभावक प्राचार्य को हटाने की मांग भी कर रहे थे। सूचना मिलते ही मस्तूरी पुलिस पहुंची, जिसके बाद एसडीएम ने छात्रों से बातचीत की और शाम 5.30 बजे स्कूल हॉल में उनकी समस्याएं सुनीं।
छात्रों ने हर्षित की मौत में इलाज में देरी और एंबुलेंस उपलब्ध न कराने को मुख्य कारण बताया। कलेक्टर संजय अग्रवाल ने मामले को गंभीर माना है और एसडीएम को जांच कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए हैं।

 


अन्य पोस्ट