ताजा खबर

तेज रफ्तार ट्रक से टकराई स्कार्पियो, सेना के 2 जवानों सहित 5 की मौत
26-Nov-2025 12:27 PM
तेज रफ्तार ट्रक से टकराई स्कार्पियो, सेना के 2 जवानों सहित 5 की मौत

एक सैनिक की पिछले सप्ताह ही हुई थी शादी, घायलों का सिम्स बिलासपुर में उपचार जारी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

जांजगीर-चांपा, 25 नवंबर। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में नेशनल हाईवे-49 पर सुकली गांव के पास देर रात एक भयावह सड़क हादसा हो गया। बारात से लौट रही स्कॉर्पियो और तेज रफ्तार ट्रक की आमने-सामने भिड़ंत में पांच लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हैं। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए और वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

जानकारी के अनुसार, नवागढ़ के रहने वाले करीब आठ लोग पंतोरा गांव में बारात में शामिल होने गए थे और देर रात स्कॉर्पियो से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान रात करीब एक बजे सुकली के पास एनएच-49 पर सामने से आ रही ट्रक से भीषण टक्कर हो गई। हादसे की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के लोग मौके पर दौड़ पड़े। सूचना मिलने पर जांजगीर पुलिस और एम्बुलेंस मौके पर पहुंची। दो लोगों ने घटना स्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि अन्य घायलों को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान तीन और लोगों की मौत हो गई।

हादसे में पांच लोगों ने अपनी जान गंवाई है, जिनमें दो भारतीय सेना के जवान भी शामिल हैं। मृतकों की पहचान विश्वनाथ देवांगन (43), राजेंद्र कश्यप (27), पोमेश्वर जलतारे (33), भूपेंद्र साहू (40) और कमलनयन साहू (22) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मृतक जवानों में से एक की आठ दिन पहले ही शादी हुई थी। गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को हालत नाजुक होने पर बिलासपुर सिम्स रेफर किया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। सभी मृतक नवागढ़ के सड़क पारा और शांति नगर के रहने वाले बताए गए हैं।

टक्कर के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। हादसे के बाद हाईवे पर अफरातफरी का माहौल पैदा हो गया। स्थानीय लोगों ने पुलिस की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया। घटना के विरोध में नवागढ़ में आक्रोश फैल गया और लोगों ने चक्काजाम कर दिया। वे फरार ट्रक चालक की जल्द गिरफ्तारी और मृतकों के परिजनों को तत्काल मुआवजा देने की मांग कर रहे हैं।

हादसे की तस्वीरें बेहद भयावह हैं। स्कॉर्पियो का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया और इसके पुर्जे कई मीटर तक सड़क पर बिखर गए। पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है और फरार ट्रक चालक की तलाश की जा रही है।


अन्य पोस्ट