ताजा खबर
भुवनेश्वर, 25 नवंबर। एक महिला ने मंगलवार को दावा किया कि उसने अपनी अमेरिकी मां के खिलाफ झूठे आरोप सिर्फ ओडिशा लौटने के लिए लगाए थे।
महिला ने दावा किया कि वह बालासोर के एक व्यक्ति से प्यार करती है और ओडिशा लौटना चाहती है।
यहां बीजू पटनायक अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरने के बाद पूजा उर्फ सेजल जॉन (19) ने कहा कि उसने ओडिशा लौटने के लिए यातना और जबरन धर्म परिवर्तन के झूठे आरोप लगाए थे।
पूजा ने हवाई अड्डे पर संवाददाताओं से कहा, ‘‘पिछले वीडियो में मैंने जो कुछ भी कहा था, वह झूठ है। मेरी दत्तक मां ने मुझे कभी प्रताड़ित नहीं किया और न ही धर्म परिवर्तन के लिए मजबूर किया। मैंने ओडिशा लौटने के लिए खुद ही झूठ बोला था। मैं अमेरिकी अधिकारियों से अपील करती हूं कि वे मेरी दत्तक मां को रिहा कर दें। मेरे आरोपों के कारण वह बहुत मुश्किल में हैं।’’
पूजा को विदेश मंत्रालय और ओडिशा सरकार के समन्वित प्रयासों से ओडिशा वापस लाया गया, क्योंकि उसने अपनी अमेरिकी मां पर दुर्व्यवहार और जबरन धर्म परिवर्तन का आरोप लगाते हुए एक भावुक सार्वजनिक अपील की थी।
यह पूछे जाने पर कि उसने अपनी दत्तक मां के खिलाफ ऐसे आरोप क्यों लगाए, जिन्होंने उसे गोद लिया, उसका पालन-पोषण किया और उसे नया जीवन दिया, इस पर पूजा ने कहा, ‘‘मैं ओडिशा के बालासोर में एक आदमी से प्यार करती थी और इसलिए राज्य वापस लौटना चाहती थी। मेरा वीजा भी 2023 में खत्म हो चुका था। यही वजह है कि मैंने अपनी दत्तक मां पर झूठे आरोप लगाए।’’
पूजा को 2018 में अमेरिका की एक महिला ने गोद लिया था। (भाषा)


