ताजा खबर

मरवाही में अनूपपुर से हाथी की एंट्री, फसलों को नुकसान पहुंचाया
24-Nov-2025 1:24 PM
मरवाही में अनूपपुर से हाथी की एंट्री, फसलों को नुकसान पहुंचाया

छत्तीसगढ़' संवाददाता 

बिलासपुर, 24 नवंबर। मरवाही वनमंडल के मरवाही परिक्षेत्र अंतर्गत घुसरिया बीट में रविवार सुबह एक जंगली हाथी के दिखाई देने से क्षेत्र में हल्की दहशत फैल गई। हाथी घुसरिया परिसर के कक्ष क्रमांक 2051 में घूम रहा है। वन विभाग के अनुसार फिलहाल उसकी गतिविधि सामान्य है और कोई आक्रामक व्यवहार दर्ज नहीं हुआ है।
सूत्रों के मुताबिक यह हाथी जैतहरी परिक्षेत्र, वनमंडल अनूपपुर (मध्य प्रदेश) से मरवाही क्षेत्र में दाखिल हुआ है। मानव जीवन को किसी तरह की हानि नहीं हुई है और न ही किसी मकान को क्षति पहुंची है। हालांकि घुसरिया और कुम्हारी इलाके में किसानों के कुछ खेतों को नुकसान होने की पुष्टि हुई है।

वनकर्मी हाथी की लोकेशन पर लगातार नजर रखे हुए हैं और सुरक्षित दूरी से उसकी मूवमेंट मॉनिटर कर रहे हैं। अधिकारियों ने बताया कि हाथी आगे मरवाही परिसर, गुल्लीडांड, सचराटोला, पंडरी और सेमरदरी की दिशा में बढ़ सकता है, लेकिन अभी वही आसपास मौजूद है।
वन विभाग ने प्रभावित और संभावित क्षेत्रों के ग्रामीणों को सतर्क रहने, जंगल की तरफ अनावश्यक रूप से न जाने और रात में विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। वनकर्मी गांवों में पहुंचकर लोगों से हाथी के पास भीड़ न लगाने और दूरी बनाए रखने को कह रहे हैं।

 


अन्य पोस्ट