ताजा खबर

कोलकाता - पुणे फ्लाइट की माना में इमरजेंसी लैंडिंग
30-Apr-2026 2:50 PM
कोलकाता - पुणे फ्लाइट की  माना में इमरजेंसी लैंडिंग

'छत्तीसगढ़' संवाददाता

रायपुर, 30 अप्रैल । कोलकाता से पुणे जा रही एक फ्लाइट ने माना एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग की। बताया जा रहा है कि विमान में सवार एक यात्री की तबीयत अचानक बिगड़ने के कारण यह फैसला लिया गया। पायलट ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तत्काल निकटतम एयरपोर्ट रायपुर में लैंडिंग की अनुमति मांगी, जिसके बाद विमान को सुरक्षित उतारा गया।

कुछ समय के लिए एयरपोर्ट पर हलचल जरूर बढ़ गई थी, लेकिन स्थिति जल्द ही सामान्य कर ली गई।

जानकारी के मुताबिक, उड़ान सामान्य रूप से कोलकाता से पुणे की ओर बढ़ रही थी, तभी बीच रास्ते में एक यात्री को गंभीर स्वास्थ्य समस्या का सामना करना पड़ा। विमान में मौजूद क्रू मेंबर्स ने प्राथमिक चिकित्सा देने की कोशिश की, लेकिन हालत में सुधार नहीं होने पर पायलट ने इमरजेंसी लैंडिंग का निर्णय लिया।

रायपुर एयरपोर्ट पर पहले से ही मेडिकल टीम को अलर्ट कर दिया गया था। जैसे ही विमान ने लैंडिंग की, तुरंत मेडिकल स्टाफ विमान के भीतर पहुंचा और बीमार यात्री को प्राथमिक उपचार दिया गया। इसके बाद उसे बेहतर इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल भेज दिया गया। 
एयरपोर्ट अथॉरिटी के अनुसार, इमरजेंसी लैंडिंग पूरी तरह सुरक्षित तरीके से कराई गई ।इसके बाद विमान ने पुनः पुणे के लिए टेकाफ किया।


अन्य पोस्ट