ताजा खबर

बोर्ड एग्जाम में 6 साल बाद फिर मेरिट में चार छात्र, लोरमी के अंशुल शर्मा बने प्रदेश टॉपर
30-Apr-2026 1:48 PM
 बोर्ड एग्जाम में 6 साल बाद फिर मेरिट में चार छात्र, लोरमी के अंशुल शर्मा बने प्रदेश टॉपर

'छत्तीसगढ़' संवाददाता

मुंगेली, 30 अप्रैल। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल के घोषित परीक्षा परिणामों में मुंगेली जिले ने इस बार ऐतिहासिक सफलता हासिल की है। छह वर्षों के लंबे अंतराल के बाद जिले के चार छात्रों ने मेरिट सूची में स्थान बनाकर पूरे क्षेत्र को गौरवान्वित किया है। इस उपलब्धि ने जिले में उत्साह और गर्व का माहौल बना दिया है।

कक्षा 10 में लोरमी के छात्र अंशुल शर्मा ने पूरे प्रदेश में पहला स्थान हासिल कर जिले का नाम रोशन किया। वहीं नंदिता देवांगन ने 98.87 प्रतिशत अंक के साथ राज्य में दूसरा स्थान प्राप्त किया। चकरभाठा के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की छात्रा हेमा ने 97.83 प्रतिशत अंक लाकर 8वीं रैंक हासिल की। कक्षा 12 में लोरमी के ही चैतराम साहू ने 96.80 प्रतिशत अंक के साथ 8वां स्थान प्राप्त किया।

जिले की इस सफलता के पीछे कलेक्टर कुंदन कुमार द्वारा शुरू किया गया मिशन 90 प्लस अभियान अहम माना जा रहा है। पिछले छह महीनों से चल रहे इस अभियान के तहत शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने, छात्रों को बेहतर मार्गदर्शन देने और परीक्षा परिणाम सुधारने के लिए विशेष प्रयास किए गए थे, जिनका सकारात्मक परिणाम अब सामने आया है।
दूसरा स्थान प्राप्त करने वाली नंदिता देवांगन ने बताया कि उन्होंने नियमित रूप से करीब 8 घंटे पढ़ाई की और विषयों को समझकर पढ़ने पर जोर दिया। उनके अनुसार, रटने के बजाय अवधारणा (कंसेप्ट) को समझना ही सफलता की कुंजी है। वह भविष्य में इंजीनियर बनना चाहती हैं।

उनकी इस उपलब्धि पर कलेक्टर कुंदन कुमार, एसपी भोजराम पटेल और जिला पंचायत सीईओ ने उनके घर पहुंचकर मिठाई खिलाकर बधाई दी और आगे की पढ़ाई में हर संभव सहायता का आश्वासन दिया।
पिछले वर्ष जहां कक्षा 10 में मुंगेली जिला 28वें स्थान पर था, वहीं इस बार सीधे 6वें स्थान पर पहुंच गया। इसी तरह कक्षा 12 में भी जिला 26वें स्थान से सुधरकर 12वें स्थान पर पहुंचा है। यह बदलाव जिले की शिक्षा व्यवस्था में हुए सुधार को दर्शाता है।

कलेक्टर कुंदन कुमार ने सभी सफल विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनकी मेहनत अन्य छात्रों के लिए प्रेरणा बनेगी।

 


अन्य पोस्ट