ताजा खबर
-ओसमंड चिया
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को ईरान जंग से जुड़े नए सैन्य विकल्पों पर ब्रीफिंग दिए जाने की ख़बर के बाद गुरुवार को एशिया में तेल की क़ीमतों में तेज़ उछाल आया.
न्यूज वेबसाइट एक्सियोस के मुताबिक, अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने ईरान पर "छोटे और तेज़" हमलों की एक योजना तैयार की है, जिसका मक़सद ईरान के साथ बातचीत में बने गतिरोध को तोड़ना है.
बीबीसी ने इस पर टिप्पणी के लिए अमेरिकी सेंट्रल कमांड और व्हाइट हाउस से संपर्क किया है.
ब्रेंट क्रूड की क़ीमत क़रीब 7% बढ़कर 126 डॉलर प्रति बैरल से ऊपर पहुंच गई, जो 2022 में रूस के यूक्रेन पर पूरे पैमाने पर हमले के बाद का सबसे ऊंचा स्तर है.
इस हफ़्ते ऊर्जा क़ीमतों में बढ़ोतरी हुई है, क्योंकि शांति वार्ता ठप पड़ती दिख रही है और अहम समुद्री मार्ग होर्मुज़ स्ट्रेट प्रभावी रूप से बंद है.
एक्सियोस की रिपोर्ट में बेनाम सूत्रों के हवाले से कहा गया है कि प्रस्तावित हमलों में बुनियादी ढांचे को निशाना बनाया जा सकता है.
रिपोर्ट के अनुसार, एक अन्य योजना में होर्मुज़ स्ट्रेट के कुछ हिस्से पर नियंत्रण हासिल कर उसे व्यापारिक जहाज़ों के लिए फिर से खोलने की बात कही गई है. इसमें ज़मीन पर सैनिकों की तैनाती भी शामिल हो सकती है. (bbc.com/hindi/)


