ताजा खबर
4 नामजद आरोपियों सहित 25 ग्रामीणों के खिलाफ एफआईआर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोरबा, 17 नवंबर। करतला रेंज के जोगीपाली गांव में शुक्रवार रात वन विभाग की टीम पर लकड़ी तस्करों ने हमला कर दिया। कीमती साल की लकड़ी जब्त करने पहुंचे परिक्षेत्र सहायक चमरू सिंह कंवर और बीट गार्ड गजाधर राठिया को न केवल दौड़ा-दौड़ाकर पीटा गया, बल्कि उनकी वर्दी फाड़कर उन्हें गांव ले जाकर 20–25 ग्रामीणों के साथ मिलकर बेरहमी से मारा गया। दोनों कर्मचारी बेहोश हो गए थे और किसी तरह मौका पाकर अपनी जान बचाते हुए थाने पहुंचे।
घटना उस समय हुई जब दोनों वनकर्मी हाथी ड्यूटी पर थे और देर रात उन्हें मुखबिर से सूचना मिली कि जोगीपाली के पटेल परिवार के कुछ लोग जंगल से अवैध रूप से लकड़ी काट रहे हैं।
सूचना की पुष्टि के लिए टीम जंगल पहुंची तो एक कीमती साल का पेड़ कटा हुआ मिला, जिसे माना पटेल, अंकुश पटेल, प्रमोद पटेल और गनपत पटेल ट्रैक्टर में लोड कर रहे थे।
जैसे ही वनकर्मियों ने लकड़ी जब्त करने की कोशिश की, तस्कर उन पर टूट पड़े। उन्हें दौड़ाकर पीटा गया, वर्दी फाड़ी गई और बंधक बनाकर गांव ले जाया गया। गांव पहुंचने पर 20–25 ग्रामीण भी तस्करों के साथ मिल गए और दोनों अधिकारियों की जमकर पिटाई की। मारपीट के दौरान दोनों बेहोश हो गए।
होश आने पर दोनों किसी तरह तस्करों और ग्रामीणों की गिरफ्त से निकलकर करतला पहुंचे और अधिकारियों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद उन्होंने थाने पहुंचकर घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई।
पुलिस ने वनकर्मियों की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। इस घटना के बाद वनकर्मियों में दहशत फैल गई है। उनका कहना है कि हाथियों पर नजर रखने के लिए उनको रात में गश्त करना होता है ऐसे में उन पर आगे भी हमला हो सकता है।


