ताजा खबर
चला देर रात तक रेस्क्यू, एक छात्र का शव सुबह मिला
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बिलासपुर, 17 नवंबर। रविवार की शाम बिलासपुर के लाल खदान क्षेत्र में चार स्कूली छात्रों के साथ हुआ दर्दनाक हादसा हो गया। छुट्टी होने के कारण चारों छात्र महमंद स्थित लाल खदान तालाब में नहाने पहुंचे थे, लेकिन पानी की गहराई का अंदाजा न होने से वे नहाते-नहाते गहरे हिस्से में चले गए।
अचानक गहराई में जाने पर छात्र डूबने लगे और घबराकर मदद के लिए चिल्लाने लगे। उनकी आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तालाब की ओर दौड़े और तेजी से तालाब में कूदकर दो छात्रों पवन और यश दुबे को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। लेकिन बाकी दो छात्र पी. साई राव (17 वर्ष) और टी. पवन (18 वर्ष)गहरे पानी में डूब गए।
घटना की सूचना मिलते ही तहसीलदार प्रकाश साहू मौके पर पहुंचे। बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ तालाब किनारे जमा हो गई। तुरंत एसडीआरएफ टीम को बुलाकर रेस्क्यू शुरू किया गया।
गोताखोरों ने घंटों मशक्कत के बाद एक छात्र उदयन का शव पानी से निकाल लिया, जबकि दूसरे छात्र की तलाश देर रात तक जारी रही। अंधेरा घिरने से रेस्क्यू कार्य में कई मुश्किलें आईं, फिर भी टीम लगातार खोज में जुटी रही।
रविवार देर रात तक खोज जारी रहने के बाद सोमवार सुबह फिर से रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। गोताखोरों ने तालाब के गहरे हिस्सों में तलाश कर लापता छात्र पी. साई राव का शव भी बरामद कर लिया।
दोनों बच्चों की मौत से गांव का माहौल गमगीन हो गया। परिवार के लोग और ग्रामीण तालाब किनारे बेसुध बैठकर बच्चों का इंतज़ार करते रहे।
चारों छात्र एक ही स्कूल के थे और आपस में दोस्त थे। छुट्टी के दिन वे तालाब में नहाने पहुंचे थे।


