ताजा खबर

धान खरीदीः कोरबा में दो समिति प्रबंधकों पर एस्मा उल्लंघन की एफआईआर
17-Nov-2025 11:52 AM
धान खरीदीः कोरबा में दो समिति प्रबंधकों पर एस्मा उल्लंघन की एफआईआर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोरबा, 17 नवंबर। जिले में खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के लिए धान खरीदी का काम 15 नवंबर से शुरू हो चुका है।  इस महत्वपूर्ण प्रक्रिया में किसी तरह की लापरवाही, बाधा या शासन के निर्देशों की अवहेलना को बर्दाश्त नहीं करने की चेतावनी प्रशासन दे चुका है।

इसी कड़ी में कलेक्टर अजीत वसंत के निर्देश पर रविवार को धान उपार्जन केंद्र छुरीकला के समिति प्रबंधक अशोक कुमार दुबे और निरधी (पाली ब्लॉक) के समिति प्रबंधक नरेन्द्र कश्यप के खिलाफ एस्मा उल्लंघन के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। दोनों पर ड्यूटी से अनुपस्थित रहने और खरीदी कार्य में बाधा उत्पन्न करने के आरोप हैं।

मालूम हो कि राज्य शासन ने सहकारी समितियों के कर्मचारियों की हड़ताल को देखते हुए धान खरीदी में किसी तरह की रुकावट न आए, इसके लिए एस्मा (छत्तीसगढ़ आवश्यक सेवा संरक्षण एवं विच्छिन्नता निवारण अधिनियम, 1979) लागू किया है। इस कानून के तहत बिना वारंट गिरफ्तारी का भी प्रावधान है। सरकार पहले ही साफ कर चुकी है कि खरीदी कार्य को बाधित करना दंडनीय अपराध माना जाएगा। सरकार के निर्देशों के अनुसार, खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 की पूरी खरीदी अवधि तक उपार्जन कार्य में लगे सभी कर्मचारियों पर एस्मा लागू रहेगा। ड्यूटी स्थल से गैरहाजिर रहना या काम से इनकार करना अधिनियम का उल्लंघन माना जाएगा।

कलेक्टर अजीत वसंत ने कहा कि धान खरीदी किसानों की जीवनरेखा है, इसलिए इसे किसी भी कीमत पर प्रभावित नहीं होने दिया जाएगा।


अन्य पोस्ट