ताजा खबर

तोखन साहू ने सुनी लोगों की समस्याएं, दिया त्वरित समाधान का भरोसा
26-Oct-2025 12:05 PM
तोखन साहू ने सुनी लोगों की समस्याएं, दिया त्वरित समाधान का भरोसा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बिलासपुर, 26 अक्टूबर। भारतीय जनता पार्टी की ओर से सेवा, संवाद, संवेदना और समाधान के लिए की जा रही सहयोग पहल  के अंतर्गत आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू ने नई दिल्ली स्थित भाजपा केंद्रीय कार्यालय में एक दिवसीय जनसंपर्क एवं जनसुनवाई सत्र का आयोजन किया।

इस कार्यक्रम का उद्देश्य जनता से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करना था। सत्र में बिहार, राजस्थान, दिल्ली सहित देश के विभिन्न राज्यों से आए 53 नागरिकों, सामाजिक प्रतिनिधियों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। उन्होंने शासन, अवसंरचना, आवास और सामाजिक कल्याण से जुड़े मुद्दों पर अपने सुझाव और निवेदन प्रस्तुत किए।

कार्यक्रम के दौरान दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए), केंद्रीय लोक निर्माण विभाग (सीपीडब्ल्यूडी) और मयूर विहार स्थित काली मंदिर के संरक्षण से संबंधित विषयों पर विशेष चर्चा हुई। मंत्री साहू ने इन मामलों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों को अग्रेषित करने के निर्देश दिए। कई शिकायतों पर उन्होंने तत्काल कार्रवाई करते हुए अधिकारियों से सीधे संपर्क कर समाधान की पहल की।

इसके साथ ही, साहू ने बिहार से आए भाजपा कार्यकर्ताओं से संगठनात्मक विषयों पर चर्चा की। उन्होंने जमीनी स्तर पर जनसंपर्क को मजबूत करने और शासन की योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने का आह्वान किया।


अन्य पोस्ट