ताजा खबर
रांची, 25 अक्टूबर। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बंगाल की खाड़ी में बनने वाले आगामी चक्रवात के प्रभाव के तहत 29-30 अक्टूबर को झारखंड में भारी बारिश का पूर्वानुमान व्यक्त किया है। एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि 29 और 30 अक्टूबर को सिमडेगा, सरायकेला-खरसावां, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, जामताड़ा, देवघर, दुमका, पाकुड़, गोड्डा और सिंहभूम के लिए भारी बारिश का 'येलो' अलर्ट जारी किया गया है।
रांची मौसम विज्ञान केंद्र के उप निदेशक अभिषेक आनंद ने पीटीआई-भाषा को बताया, "आगामी चक्रवात के प्रभाव से मौसम में बदलाव की उम्मीद है। 28 अक्टूबर को हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है, जबकि 29 और 30 अक्टूबर को पूरे राज्य में व्यापक बारिश होने की संभावना है।"
आईएमडी ने कहा कि 27 अक्टूबर तक दक्षिण-पश्चिम और उससे सटे पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में एक गहरे दबाव का क्षेत्र चक्रवात में तब्दील हो सकता है।
इसके बाद, 28 अक्टूबर की सुबह तक इसके एक गंभीर चक्रवात में तब्दील होने की संभावना है। (भाषा)


