ताजा खबर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बिलासपुर, 7 नवंबर। पेंशन एवं पेंशनभोगी कल्याण विभाग के निर्देश पर रेलवे बोर्ड ने 1 से 30 नवंबर 2025 तक राष्ट्रव्यापी डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र अभियान 4.0 शुरू किया है। इस अभियान का उद्देश्य पेंशनभोगियों को डिजिटल रूप से सशक्त बनाना और उन्हें अपने घर या बैंक शाखा से आसानी से डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट जमा करने की सुविधा प्रदान करना है।
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, बिलासपुर जोन ने इस अभियान को ध्यान में रखते हुए टैगोर लाइब्रेरी, न्यू जीएम बिल्डिंग (ग्राउंड फ्लोर) में एक विशेष डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट शिविर आयोजित किया है। यह शिविर 1 से 30 नवंबर तक कार्यालयीन समय में कार्य दिवसों पर संचालित रहेगा।
शिविर में रेलवे पेंशनभोगियों के लिए फेस रिकग्निशन आधारित डिजिटल प्रमाण पत्र जमा करने की निःशुल्क सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इस सुविधा का लाभ वे सभी पेंशनभोगी उठा सकते हैं, जो किसी भी बैंक शाखा से पेंशन प्राप्त करते हैं।
रेल प्रशासन ने सभी पेंशनभोगियों से अपील की है कि वे समय पर अपने जीवन प्रमाण पत्र जमा करें और इस डिजिटल अभियान का पूरा लाभ उठाएं। इस पहल से पेंशनभोगियों को न केवल सुविधा मिलेगी बल्कि उन्हें कार्यालयों के चक्कर लगाने से भी राहत मिलेगी।


