ताजा खबर

सीएम ने की 5 लाख प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 19 मई। छत्तीसगढ़ की पर्वतारोही याशी जैन एवरेस्ट पहुंचने वाली छत्तीसगढ़ की पहली बेटी बन गई है। याशी ने कीर्तिमान रचते हुए बुधवार सुबह करीब 5.45 बजे विश्व की सबसे ऊंची चोटी माउंट एवरेस्ट पर तिरंगा फहराया। याशी जैन ने अप्रैल 2023 से शुरू हुए 45 दिनों तक चले अभियान में सफलता हासिल की। इस अभियान में 15 सदस्यीय टीम में रायगढ़ की याशी जैन छत्तीसगढ़ से एकमात्र पर्वतारोही थीं। इससे पहले याशी जैन ने एक बार पहले भी माउंट एवरेस्ट की चोटी पर चढ़ाई की कोशिश थी, लेकिन खराब मौसम के कारण वह सफल नहीं हो सकी थी।
याशी जैन छत्तीसगढ़ की पहली बिटिया हैं जिन्होंने तीन महाद्वीपों की सबसे ऊंची चोटी को फतह करके तिरंगा संग बेटी बचाओ का परचम फहराया है। याशी जैन ने 14 फरवरी 2023 को दक्षिण अमेरिका की सबसे ऊंची चोटी पर माउंट अकंकागुआ पर 6961 मीटर की ऊंचाई पर सफलतापूर्वक चढ़ाई की। उन्होंने अक्टूबर 2022 में माउंट किलिमंजारो पर 5896 मीटर की ऊंचाई पर चढ़ाई की थी, जो अफ्रीका की सबसे ऊंची चोटी है। याशी ने विभिन्न अभियानों में सफलता हासिल की है, जैसे कि लोबुचे ईस्ट पीक पर 6119 मीटर, आईलैंड पीक पर 6189 मीटर, माउंट एल्ब्रस पर 5642 मीटर, और माऊंट जोगिन पर 6116 मीटर की ऊंचाई पर चढ़ाई की है।
याशी जैन के साहस भरे कारनामों के चलते उन्हें राज्यपाल द्वारा वीरांगना पुरस्कार, शहीद इंदिरा गांधी खेल पुरस्कार, तान्या पुरस्कार और अन्य बड़े पुरस्कारों से सम्मानित किया गया है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने याशी जैन को माउंट एवरेस्ट फतेह की बधाई दी और पांच लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की। ज्ञात हो कि मुख्यमंत्री ने याशी द्वारा माउंट एवरेस्ट फतेह के बाद फहराए जाने वाले च्भारतीय राष्ट्रीय ध्वजज् और च्गढ़बो नवा छत्तीसगढ़ज् ध्वज का अनावरण भी किया था।