ताजा खबर

लखनऊ में सपा दफ़्तर के बाहर चला बुलडोज़र, क्या बोली समाजवादी पार्टी?
01-Sep-2022 8:45 AM
लखनऊ में सपा दफ़्तर के बाहर चला बुलडोज़र, क्या बोली समाजवादी पार्टी?

Ramesh Verma/BBC


-अनंत झणाणे
उत्तर प्रदेश के मुख्य विपक्षी दल समाजवादी पार्टी के लखनऊ विक्रमादित्य मार्ग स्थित पार्टी मुख्यालय के सामने लखनऊ नगर निगम के बुलडोज़रों ने अतिक्रमण के ख़िलाफ़ कार्रवाई करते हुए दुकानों को तोड़ गिराया.

इसमें से अधिकतर दुकानों में समाजवादी पार्टी के झंडे और उनके नेताओं के पोस्टर और पार्टी से जुड़ी अन्य प्रचार सामग्री बिकती थीं.

मौके पर मौजूद नगर निगम के ज़ोनल अधिकारी राजेश सिंह ने मीडिया से कहा, "यह नियमित कार्रवाई थी. आज अतिक्रमण हटाने का शेड्यूल भी था. और यह जो दुकानें लगाई गई हैं. इन्हें पिछले महीने से लगातार नोटिस दिए गए थे. इन्होंने समय भी माँगा था और इन्हें समय भी दिया गया था. समय पर अनाउंसमेंट भी कराया गया था लेकिन दुकान नहीं हटाई गईं. आज निर्धारित तिथि थी इसलिए इन्हें हटवा दिया गया."

राजेश सिंह से मीडिया ने पूछा कि क्या अतिक्रमण नहीं हटाने के लिए दबाव भी बनाया गया था? इस सवाल के जवाब में अधिकारी ने कहा, "जिसका अतिक्रमण हटाया जाता है, वो कुछ ना कुछ दबाव बनाने की कोशिश करता ही है."

समाजवादी पार्टी के मीडिया सेल ने इन दुकानों पर बुलडोज़र चलने के बाद ट्वीट करते हुए कहा, "भाजपा की निकृष्ट और राजनैतिक दुश्मनी वाली राजनीति का एक और घृणित उदाहरण सामने है. सपा कार्यालय के बाहर दशकों से झंडा, बैनर, पोस्टर बेचकर अपना घर परिवार रोटी चलाने वाले गरीबों के दुकान पर बुलडोजर चलाकर भाजपा सरकार ने अपनी निकृष्ट सोच का परिचय दिया है."

आयुषी श्रीवास्तव की दुकान भी नगर निगम की कार्रवाई में ध्वस्त हो गयी. उन्होंने बीबीसी से कहा कि वो पिछले 15 साल से अपनी दुकान चला रही थीं. उनका आरोप है कि नगर निगम से उन्हें बुलडोज़र की कार्रवाई के बारे में कोई नोटिस नहीं मिला था.

वो कहती हैं, "यहीं रहते थे,यही रोज़ी रोटी है, यही सब कुछ है. हो सकता है नोटिस चिपका कर चले गए हों, लेकिन मुझे हाथ में कोई नोटिस नहीं मिला."  (bbc.com/hindi)

 


अन्य पोस्ट