ताजा खबर
जायसवाल ने सीएम को पत्र लिखकर 10 जून तक नियुक्ति की मांग की
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
रायपुर, 27 मई । आम आदमी पार्टी ने नेता उत्तम जायसवाल ने सीएम विष्णुदेव साय को पत्र लिखकर कहा है कि यदि 10 जून तक पात्र डी.एड. अभ्यर्थियों को नियुक्ति नहीं दी गई, तो वे 11 जून से आमरण अनशन शुरू करेंगे।
पत्र में कहा गया है कि छत्तीसगढ़ में डी.एड. महिला और पुरुष अभ्यर्थियों के लगभग 2300 सहायक शिक्षक पद रिक्त हैं। इनमें से करीब 1600 पद आदिवासी महिला और पुरुष अभ्यर्थियों से जुड़े बताए गए हैं। अभ्यर्थी पिछले 153 दिनों से रायपुर के तूता धरना स्थल पर शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे हैं।
आंदोलनकारी अभ्यर्थियों का कहना है कि वे अपने अधिकार और न्याय की मांग कर रहे हैं। लंबे समय से नियुक्ति नहीं मिलने के कारण वे मानसिक, आर्थिक और सामाजिक संकट से गुजर रहे हैं।
जायसवाल ने अपने पत्र में दावा किया है कि उच्च न्यायालय और सर्वोच्च न्यायालय के आदेशों के बावजूद राज्य सरकार ने अब तक डी.एड. अभ्यर्थियों को नियुक्ति नहीं दी है। उन्होंने सरकार को न्यायालयों के आदेशों का सम्मान करते हुए जल्द से जल्द पात्र अभ्यर्थियों को नियुक्ति देनी चाहिए।


