ताजा खबर
दोनों सांसदों की संपत्ति का ब्यौरा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 4 जून। राज्यसभा के लिए निर्वाचित दोनों सदस्य राजीव शुक्ला, और रंजीत रंजन करोड़पति हैं। रंजीत रंजन के खिलाफ आचार संहिता उल्लंघन के कुछ प्रकरण जरूर दर्ज हैं, लेकिन राजीव शुक्ला के खिलाफ आपराधिक प्रकरण नहीं है। दोनों ने शपथ पूर्वक अपनी संपत्ति का विवरण दिया है।
राजीव शुक्ला बीसीसीआई के उपाध्यक्ष हैं, और वो केन्द्र की यूपीए सरकार में मंत्री भी रहे हैं। दिल्ली के रहवासी राजीव शुक्ला ने कानपुर विवि से एमए एलएलबी तक की पढ़ाई की है। शुक्ला ने वर्ष 2021-22 में 13 लाख 15,680 रूपए इनकम टैक्स रिटर्न भरा है। साथ ही परिवार जिसमें पत्नी, और आश्रित सदस्य हैं, उन्होंने वर्ष 2021-22 के लिए 1 करोड़ 28 लाख 16,540 रूपए आयकर रिटर्न भरा है।
राजीव शुक्ला ने 2 लाख 42, 500 रूपए नगद, और परिवार के पास 2 लाख 25 हजार होना बताया है। उनका एसबीआई, संसद भवन परिसर नई दिल्ली बचत खाता है। जिसमें 3 लाख 30,051 रूपए जमा है। इसके अलावा पीएनबी सेक्टर 18 नोएडा में दो खाते हैं। जिसमें 24 873 रूपए जमा होने के अलावा 10 लाख 58,78 हजार का एफडीआर है। इसके अलावा सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया मालवीय नगर नई दिल्ली में 40 लाख 41 हजार जमा है।
राजीव शुक्ला के पास टीसीएस, और टाटा स्टील के शेयर हैं। जिनकी वैल्यू क्रमश: 7 लाख 44 हजार 185, और 12 लाख 20 हजार 956 रूपए है। इसके अलावा उनके पास टाटा फार्चुनर गाड़ी है। उनके पास 8 लाख 47 हजार के जेवरात हैं। जिसमें 2 किलो चांदी है। फर्नीचर और कम्प्यूटर मिलाकर 2 लाख के सामान है। उनकी व्यक्तिगत संपत्ति 11 करोड़ 84 लाख 25 हजार 183 रूपए की है।
राजीव शुक्ला के परिवार के पास 16 करोड़ 66 लाख 91 हजार से अधिक की संपत्ति है। इनमें बैंक खातों के अलावा फिल्मस एण्ड मीडिया शेयर प्राइवेट लिमिटेड में 2 करोड़ 58 लाख 52 हजार के अधिक के शेयर हैं। इसी तरह एआरवीआर कम्यूनिकेशन प्राइवेट लिमिटेड में 1 लाख 39 हजार 540 शेयर हैं। जिसकी कीमत 7 करोड़ 51 लाख 9 हजार है। इसी तरह भारती टेली विनेचर, न्यूज 24, ई-24 ग्लैमर प्राइवेट लिमिटेड के अलावा स्काई लाइन टेली मीडिया सर्विसेस में भी शेयर हैं। इसके अलावा 89 लाख 9 हजार के जेवरात हैं। इनमें 1325 ग्राम सोना, 12 किलो चांदी, और 48 डायमंड हैं।
बिहार की पुर्णिया रहवासी श्रीमती रंजीत रंजन इंटर मीडियेट तक शिक्षित हैं। उनके पास 2 लाख 65 हजार रूपए नगद, और पति राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव के पास दो लाख नगद हैं। रंजीत रंजन की कुल संपत्ति 33 लाख 19 हजार 869 रूपए घोषित की है। जबकि पति राजेश रंजन की संपत्ति 27 लाख 66 हजार 42 रूपए बताई गई है। उनके पास 5 लाख की बाइक, पति राजेश रंजन के नाम से इनोवा कार, 7 लाख 53 हजार के स्वर्ण आभूषण, पति राजेश रंजन के पास 10 लाख 21 हजार के स्वर्ण आभूषण हैं। पटना के फुलवारी शरीफ में साढ़े 4 हजार वर्गफीट का प्लाट, पति के नाम से 37 सौ वर्गफीट का प्लाट है। गुरूग्राम फेस-3 में 2 प्लाट जिसकी कीमत 4 करोड़ 45 लाख है। इस तरह कुल संपत्ति 5 करोड़ 95 लाख, और पति राजेश रंजन के नाम एक करोड़ 35 लाख व बच्चों के नाम पर 1 करोड़ 75 लाख की संपत्ति है। इनमें से 1 करोड़ 55 लाख 75 हजार रूपए ऋण है।


