ताजा खबर
तीन घंटे चली बैठक, हलचल
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 29 मई। कांग्रेस गुजरात चुनाव के लिए छत्तीसगढ़ की तर्ज पर जनघोषणा पत्र तैयार करेगी। इस सिलसिले में गुजरात कांग्रेस के प्रभारी डॉ. रघु शर्मा की शनिवार को प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव के साथ बंद कमरे में मंत्रणा हुई है। बताया गया कि डॉ. शर्मा पार्टी हाईकमान के निर्देश पर यहां आए थे। दोनों के बीच मुलाकात की पार्टी हल्कों में जमकर चर्चा है।
सूत्र बताते हैं कि गुजरात कांग्रेस के प्रभारी डॉ. शर्मा कल दोपहर यहां पहुंचे। वे वीआईपी रोड स्थित होटल में रूके थे। इसके बाद स्वास्थ्य मंत्री सिंहदेव, प्रदेश प्रभारी से मिलने वहां पहुंचे। दोनों के बीच करीब 3 घंटे से अधिक समय तक बैठक चली। खास बात यह है कि गुजरात कांग्रेस के प्रभारी के प्रवास की यहां प्रदेश कांग्रेस को सूचना नहीं दी गई थी, और न ही किसी को जानकारी थी।
बताया गया कि डॉ. रघु शर्मा राजस्थान की गहलोत सरकार में मंत्री रहे हैं। वे गुजरात में चुनाव प्रबंधन सीधे देख रहे हैं, और कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमती सोनिया गांधी, और पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी को सीधे रिपोर्ट कर रहे हैं। ऐसे में स्वास्थ्य मंत्री सिंहदेव के साथ उनकी बैठक को लेकर काफी सरगर्मी रही।
कहा जा रहा है कि पार्टी हाईकमान गुजरात में जनघोषणा पत्र तैयार करना चाहती है। इसकी रूपरेखा और कार्ययोजना को समझने के लिए डॉ. रघु शर्मा यहां आए थे। गुजरात में अगले 6 महीने में विधानसभा के चुनाव हैं। चूंकि यहां जनघोषणा पत्र के संयोजक टीएस सिंहदेव थे, और उन्होंने पूरे प्रदेश का दौरा कर अलग-अलग संगठनों और आम लोगों से चर्चा कर जनघोषणा पत्र तैयार किया था। और इसका पार्टी को काफी फायदा हुआ था। कुछ इसी तरह का घोषणा पत्र गुजरात में ही तैयार करने की रणनीति बनाई गई है। डॉ. रघु शर्मा रविवार की सुबह दिल्ली के लिए रवाना हो गए। इस सिलसिले में स्वास्थ्य मंत्री श्री सिंहदेव से चर्चा की कोशिश की गई, किन्तु उनसे संपर्क नहीं हो पाया।


