ताजा खबर

कांग्रेस में ब्लॉक अध्यक्षों की सूची के बाद असंतोष, शशि सिंह ने बैज को लिखी चिट्ठी
18-Jan-2026 5:05 PM
कांग्रेस में ब्लॉक अध्यक्षों की सूची के बाद असंतोष, शशि सिंह ने बैज को लिखी चिट्ठी

नवनियुक्त जिलाध्यक्ष नाखुश...

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर,18 जनवरी। कांग्रेस में ब्लाक अध्यक्षों की सूची जारी होने के बाद असंतोष सामने आ  गया है। इस कड़ी में सूरजपुर जिला अध्यक्ष शशि सिंह ने प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज को चिट्ठी लिखकर सूरजपुर ब्लाक अध्यक्ष की नियुक्ति पर आपत्ति जताई है, और उन्हें बदलने की मांग की है।

पीसीसी ने 307 ब्लॉक अध्यक्षों की सूची जारी की। सूची जारी होने के बाद से अलग-अलग जगहों पर धीरे-धीरे विरोध के स्वर सुनाई दे रहे हैं। यह कहा गया कि ज्यादातर ब्लॉक अध्यक्ष, विधायकों और पूर्व विधायकों की सलाह पर ही नियुक्त कर दिए गए। महासमुंद सहित कुछ और जगहों पर भी ब्लॉक अध्यक्षों की नियुक्ति को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में नाराजगी की खबर है।

नए नवेले कई जिला अध्यक्षों की शिकायत है कि उनसे सलाह मशविरा के बिना ब्लॉक अध्यक्षों की नियुक्ति कर दी गई। सूरजपुर जिला अध्यक्ष शशि सिंह ने प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज को चिट्ठी लिखी है, और कहा कि इस पत्र में ब्लॉक अध्यक्ष मनोज डालमिया की नियुक्ति पर सवाल खड़े किए, और कहा कि सूरजपुर ब्लॉक का अध्यक्ष शहरी क्षेत्र से नहीं, बल्कि ग्रामीण क्षेत्र से होना चाहिए क्योंकि ब्लॉक में 100 पंचायतें हैं और 95 फीसदी आबादी ग्रामीण है।

शशि सिंह ने कहा कि संतोष पावले को सूरजपुर ब्लॉक अध्यक्ष के रूप में नियुक्त किया जाना चाहिए। इस पूरे मामले में प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज से चर्चा की कोशिश की गई किन्तु उनसे संपर्क नहीं हो पाया। प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गैंदू ने नियुक्तियों से जुड़े विवाद पर ‘छत्तीसगढ़’ से चर्चा में सिर्फ इतना ही कहा कि प्रदेश के 307 ब्लॉक अध्यक्षों की नियुक्ति को लेकर कहीं से कोई विरोध की बात सामने नहीं आई है। सूरजपुर जिलाध्यक्ष से फोन पर चर्चा जरूर हुई थी, लेकिन लिखित में कोई आपत्ति नहीं आई है।

पार्टी सूत्रों के मुताबिक सूरजपुर के ब्लॉक अध्यक्ष मनोज डालमिया, पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव के करीबी माने जाते हैं। जहां तक जिलाध्यक्ष शशि सिंह का सवाल है तो वो पूर्व सीएम भूपेश बघेल की नजदीकी मानी जाती है। बहरहाल, सूरजपुर ब्लॉक अध्यक्ष की नियुक्ति का विवाद बढ़ सकता है।


अन्य पोस्ट