ताजा खबर

भोजपुरी टोल प्लाजा के निकाले गए कर्मचारियों ने मचाया उत्पात, मैनेजर को ऑफिस से उठाकर ले गए, जमकर मारपीट
29-May-2022 10:48 AM
भोजपुरी टोल प्लाजा के निकाले गए कर्मचारियों ने मचाया उत्पात, मैनेजर को ऑफिस से उठाकर ले गए, जमकर मारपीट

बिलासपुर, 29 मई। नौकरी से निकाले जाने से नाराज भोजपुरी टोल प्लाजा के तीन कर्मचारियों ने मैनेजर को कार पर जबरदस्ती बिठाया और सूनी जगह पर ले जाकर लाठी, डंडों से पिटाई कर दी। मैनेजर की रिपोर्ट पर हिर्री पुलिस ने अपराध दर्ज किया है।

जानकारी के मुताबिक टोल प्लाजा के कर्मचारी बिन्नू प्रसाद गेंदले, योगेश कौशिक और तिरीथराम बढ़गड़ को टोल प्लाजा के मैनेजर सुमीत धनकड़ ने बिना रसीद गाड़ियों से वसूली करते हुए पकड़े गए थे। इसके बाद उन्हें नौकरी से निकाल दिया था। मैनेजर सुमीत का 24 मई को तबादला हो गया। उसकी जगह पर अभिमन्यु शर्मा ने मैनेजर का काम संभाला। 27 मई को दोपहर में निकाले गए तीनों कर्मचारी टोल प्लाजा के दफ्तर में पहुंचे और अभिमन्यु शर्मा से सुमीत के बारे में पूछा। अभिमन्यु ने बताया कि उसका तबादला हो गया है। तब उन्होने अभिमन्यु से उन्हें दोबारा काम पर रखने के लिए दबाव बनाया। इस पर विवाद हो गया। तीनों आरोपियों ने मैनेजर को खींचकर अपनी कार में बिठाया और धौराभाठा ओवरब्रिज के पास गाली गलौच करते हुए स्टिक, लाठी और घूंसों से उसकी पिटाई कर दी। मैनेजर को जान से मारने की धमकी देते हुए वहीं छोड़कर वे भाग गए।

मैनेजर की रिपोर्ट पर पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है। उनकी तलाश की जा रही है। 


अन्य पोस्ट