ताजा खबर

पोहा मिल के मशीन में फंसी महिला मजदूर के हुए दो टुकड़े
25-May-2022 1:56 PM
पोहा मिल के मशीन में फंसी महिला मजदूर के हुए दो टुकड़े

   शहर के विष्णु पोहा मिल में पहले भी हुआ हादसा  

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 25 मई।
शहर के बसंतपुर स्थित  एक पोहा मिल में बुधवार को एक दिहाड़ी महिला मजदूर की मशीन में फंसने से दर्दनाक मौत हो गई। चलती मशीन के चपेटे में आने से महिला के शरीर के दो टुकड़े हो गए। हादसे के बाद मजदूरों में पोहा मिल संचालक के खिलाफ आक्रोश है। वहीं परिजनों ने संचालक को पूरे मामले के लिए दोषी ठहराया है।

मिली जानकारी के अनुसार पोहा मिल में रोज की तरह मोहारा बस्ती की रहने वाली अनूपा यादव मशीन के समीप काम कर रही थी। सुबह लगभग 11 बजे महिला जिस मशीन में काम कर रही थी उसमें लगा पट्टा उतर गया। पट्टे को चढ़ाने जाने के दौरान बगल में चल रही दूसरी मशीन से महिला के साड़ी का पल्लू फंस गया। हादसे के वक्त प्रत्यक्षदर्शी रहे अन्य मजदूरों का कहना है कि चलती मशीन में ही पट्टा लगाया जाता है। पट्टा लगाने जाते वक्त दूसरी मशीन से साड़ी का एक हिस्सा फंस और वह सीधे मशीन में जा टकराई। तेज रफ्तार में चल रही मशीन ने महिला के शरीर के दो टुकड़े कर दिए। बताया जाता है कि लगभग 15 साल पहले 2007 को भी उक्त पोहा मिल के एक मजदूर की हादसे में जान चली गई थी। मृतिका के तीन बच्चे हैं। घटना के बाद बसंतपुर पुलिस मौके पर पहुंची। मामले की जांच के बीच मृतिका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
 


अन्य पोस्ट