ताजा खबर
बिलासपुर, 25 मई। युवक ने शादी का झांसा देकर एक युवती से कई साल तक दुष्कर्म किया। वह गर्भवती भी हो गई, इसके बाद युवक ने दूसरे से शादी रचा ली। धोखा खाने वाली युवती की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी युवक को उसकी शादी के तुरंत बाद गिरफ्तार कर लिया।
फरियादी युवती ने गौरेला थाने में शिकायत की थी कि वह आरोपी पुलकित महंत (27 वर्ष) को सन् 2013 से जानती है। रिश्तेदारी होने के कारण उसका घर में आना-जाना भी था। आरोपी ने लगातार शादी करने का झांसा दिया और उसके साथ दुष्कर्म करता रहा। इस बीच वह गर्भवती हो गई। इसके बाद वह अपने वादे से मुकर गया और अब दूसरी जगह शादी कर रहा है। पुलिस आरोपी के घर पहुंची, जो कुछ घंटे पहले ही कोटमी ग्राम से शादी करने के बाद अपनी दुल्हन को लेकर वापस लौटा था। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ धारा 376 के तहत अपराध दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।


