ताजा खबर

खैरागढ़ को नया जिला और नए विधायक की सौगात
16-Apr-2022 2:09 PM
खैरागढ़ को नया जिला और नए विधायक की सौगात

शनिवार का दिन राजनीतिक फैसलों के लिहाज से रहेगा यादगार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 16 अप्रैल।
खैरागढ़ उपचुनाव के नतीजे लगभग कांग्रेस के पक्ष में जाते हुए दिख रहा है। नतीजों के लिहाज से 16 अप्रैल शनिवार का दिन खैरागढ़ के बाशिंदों के लिए ऐतिहासिक रहेगा। उपचुनाव में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने परिणाम के 24 घंटे के भीतर खैरागढ़ को नए जिले का दर्जा देने की घोषणा की थी। चुनावी परिणाम में लगभग कांग्रेस की जीत सुनिश्चित दिख रही है। ऐसे में नए जिले के साथ क्षेत्र के लोगों को नए विधायक भी यशोदा वर्मा के रूप मिलना तय है। राजनीतिक फैसलों के लिहाज से खैरागढ़ के लोगों के लिए यह खास हो गया है। मुख्यमंत्री ने घोषणा पत्र में नया जिला निर्माण का वादा किया था। उनके इस सियासी दांव के सामने भाजपा टिक नहीं पाई। भाजपा लगातार हर राउंड में पिछड़ती दिख रही है। वहीं कांग्रेस प्रत्याशी यशोदा वर्मा जीत की ओर बढ़ रही है। 15वें राउंड में लगभग 14 हजार वोटों से यशोदा वर्मा बढ़त ली हुई थी। खैरागढ़ की राजनीतिक इतिहास पर नजर डाले तो यह दूसरा मौका है जब विधायक के तौर पर एक महिला विधानसभा का प्रतिनिधित्व करेगी। वहीं कांग्रेस के विधायकों में यशोदा वर्मा की गिनती 71वें नंबर में होगी। इस तरह विधानसभा में सदस्यों की संख्या के लिहाज से ताकत और बढ़ गई है। खैरागढ़ विधानसभा में करीब ढ़ाई दशक बाद यह मौका आया है, जब राजपरिवार की स्व. रानी रश्मिदेवी के बाद यशोदा वर्मा दूसरी महिला विधायक के रूप में निर्वाचित होंगी। स्व. देवव्रत सिंह की तरह यशोदा वर्मा की किस्मत उपचुनाव से चमकी है। हालांकि भाजपा प्रत्याशी कोमल जंघेल ने भी अपनी विधायकी की शुरूआत की थी। उन्हें उम्मीद थी कि 2007 की तरह 2022 के उपचुनाव में किस्मत उनका साथ देगा, लेकिन सत्तारूढ़ दल कांग्रेस ने उनके मंसूबों पर पानी फेर दिया।


अन्य पोस्ट