ताजा खबर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 21 मार्च। आम आदमी पार्टी ने अपने विस्तार को तेज कर दिया है। पार्टी ने आज 9 राज्यों के लिए अपने पदाधिकारियों का ऐलान कर दिया है। इसके तहत छत्तीसगढ़ राज्य का ‘आप’ प्रभारी विधायक संजीव झा को बनाया गया है। वहीं संगठन मंत्री संतोष श्रीवास्तव होंगे। अब तक छत्तीसगढ़ की जिम्मेदारी संभाल रहे गोपाल राय को अब यहां का इलेक्शन इंचार्ज होंगे।
संजीव झा बिहार में मधुबनी जिले के रहने वाले हैं।41 वर्षीय संजीव झा मैथिल-ब्राम्हण समुदाय से हैं। उन्होंने पूर्वी दिल्ली में स्थित झुग्गी बस्तियों में बच्चों को ट्यूशन भी पढ़ाया। बाद में वे आम आदमी पार्टी के भ्रष्टाचार विरोधी संगठन से जुड़े।
साल 2012 के अंत में CM अरविंद केजरीवाल ने जब आम आदमी पार्टी का गठन किया था, तो उन्हें बुराड़ी से पहली बार साल 2013 में विधानसभा चुनाव में पार्टी का प्रत्याशी बनाया, जिसमें उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (BJP) के उम्मीदवार कृष्ण त्यागी को 10,351 मतों से हरा कर जीत दर्ज की थी। इसके बाद उन्होंने दोबारा साल 2015 के विधानसभा चुनाव में भी जीत हासिल की।
संजीव झा की पहचान उनके लाल रंग के कपड़ों से भी बनी है। वे मानते हैं कि लाल रंग क्रांति का प्रतीक है, इसलिए वे लाल रंग के कपड़े ही पहनते हैं।


