ताजा खबर
नवमनोनीत सदस्य का मुस्लिम समाज की पिछड़ी महिलाओं को शिक्षा-स्वास्थ्य पर सजग रहने पर जोर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 9 जनवरी। छत्तीसगढ़ सरकार ने राज्य हज कमेटी में राजनांदगांव की डॉ. रूबीना अल्वी को बतौर सदस्य नियुक्त किया है। डॉ. अल्वी हज कमेटी की इकलौती महिला सदस्य है। प्रगतिशील सोच की डॉ. अल्वी उच्च शिक्षित हैं और वे रसायन शास्त्र में डॉक्टरेट भी हैं। डॉ. अल्वी का सामाजिक सरोकार होने के चलते राज्य सरकार ने उन्हें महत्वपूर्ण दायित्व के साथ सदस्य मनोनीत किया है।
वह आईबी गु्रप के डायरेक्टर अंजुम अल्वी की पत्नी है। शिक्षा के क्षेत्र में उनका योगदान रहा है। वह कमलादेवी महिला महाविद्यालय राजनंादगांव और शासकीय महाविद्यालय खेरथा में भी प्राध्यापन कर चुकी हैं। वे सामाजिक विषयों पर जुड़े राष्ट्रीय स्तर के सेमीनारों में भी विशेषज्ञ के तौर पर अपना संबोधन दे चुकी हैं। ‘छत्तीसगढ़’ से चर्चा में डॉ. अल्वी ने कहा कि इस महत्वपूर्ण मंच का उपयोग वह मुस्लिम समाज की पिछड़ी महिलाओं को विशेषकर शिक्षा और स्वास्थ्य के प्रति सजग करेंगी। साथ ही एनीमिया और कुपोषण दूर करने आदि कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाएंगी।
डॉ. अल्वी का कार्यकाल तीन वर्ष का होगा। उनका मनोनयन छत्तीसगढ़ की राज्यपाल व राज्य स्तरीय हज कमेटी में केबिनेट मंत्री मोहम्मद अकबर के अनुमोदन से किया गया है। डॉ. अल्वी ने अपने मनोनयन पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल एवं केबिनेट मंत्री मो. अकबर का विशेष आभार व्यक्त किया है। डॉ. अल्वी इंडियन साइंस कांग्रेस और इंडियन कौंसिल ऑफ केमिस्ट की सम्मानित सदस्य हैं। वह नूरी कमेटी मुस्लिम समाज, लायंस क्लब सदस्य और अजीज पब्लिक स्कूल की ट्रस्टी भी हैं। यहां यह बता दें कि यह पहला अवसर है जब राजनांदगांव से किसी महिला को हज कमेटी का सदस्य नियुक्त किया गया है। इससे राजनांदगांव का मान बढ़ा है। उनके मनोनयन पर पूर्व केबिनेट मंत्री धनेश पटिला, अल्पसंख्यक आयोग सदस्य हफीज खान, छग मसीह समाज अध्यक्ष राजीव कुरियाकोस, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी सदस्य डॉ. आफताब आलम, पार्षद सतीश मसीह, कुतबुद्दीन सोलंकी, एल्डरमेन एजाजुर्र रहमान ने हर्ष व्यक्त किया है।


