कोरिया

टूल किट विवाद, राष्ट्रीय नेताओं पर एफआईआर के बाद भडक़े भाजपाई, धरना-प्रदर्शन
22-May-2021 8:33 PM
 टूल किट विवाद, राष्ट्रीय नेताओं पर एफआईआर के बाद भडक़े भाजपाई, धरना-प्रदर्शन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

चिरमिरी, 22 मई। प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर भाजपा कार्यकर्ताओंं ने टूल किट विवाद के बाद भाजपा के छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. रमन सिंह के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के विरोध में आज भाजपा कार्यकर्ताओं ने पूरे छत्तीसगढ़ में मतदान केंद्र स्तर पर धरना-प्रदर्शन कर जमकर नारेबाजी की और आक्रोश व्यक्त किया।

इस दौरान भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश मंत्री गोमती द्विवेदी ,  भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अभय जायसवाल एवं अल्पसंख्यक  मोर्चा के जिला मंत्री सौरभ जैन  ने भूपेश सरकार तथा कांग्रेस के खिलाफ धरना प्रदर्शन कर जमकर नारेबाजी की और आक्रोश व्यक्त किया।इस दौरान किसान मोर्चा प्रदेश मंत्री गोमती द्विवेदी ने कहा कि नि:संदेह टूल किट षडय़ंत्र से कांग्रेस का मुखौटा उतर गया है।

इस दौरान भाजयुमो प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य अभय जायसवाल ने कहा कि हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विरोध करने के लिए इतने निचले स्तर पर चले गए कि उनके द्वारा शर्मनाक ढंग से कांग्रेसी कार्यकर्ताओं को इस कोरोना के महामारी में अभद्र भाषा में ट्वीट करके देश को बदनाम करने का शर्मनाक कार्य किया है। और कहीं ना कहीं इनकी मंशा इस देश को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बदनाम करने की थी।

साथ ही देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी को बदनाम करने की साजिश इनके टूल किट से आ रही थी और जब इस विषय पर डॉ. रमन सिंह ने अपना बयान दिया।

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल तिलमिला उठे और छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह सहित अन्य नेताओं के खिलाफ एफआईआर रजिस्टर करा दिया। इसलिए छत्तीसगढ़ का हर भाजपा कार्यकर्ता यह कह रहा है कि मैं भी रमन और मुझे भी गिरफ्तार किया जाए।

इसी तारतम्य में आज का यह कार्यक्रम आयोजित था। इस दौरान अल्पसंख्यक मोर्चा के जिला मंत्री सौरभ जैन ने कहा कि भूपेश हमें भी करो गिरफ्तार का नारा देकर सारे कार्यकर्ता एकजुट होकर उसका विरोध कर रहे हैं और यदि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के द्वारा हमारे राष्ट्रीय नेताओं को गिरफ्तार करती है तो उसे हम बर्दाश्त नहीं करेंगे और हम सब भी गिरफ्तारी देंगे।


अन्य पोस्ट