कोरिया

संगीत के कलाकारों की प्रस्तुति को श्रोताओं ने सराहा
09-Aug-2023 2:55 PM
संगीत के कलाकारों की  प्रस्तुति को श्रोताओं ने सराहा

आजादी के अमृत महोत्सव पर संगीत समारोह आयोजित

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
मनेन्द्रगढ़, 8 अगस्त।
संबोधन संगीत विद्यालय व दिल्ली वल्र्ड पब्लिक स्कूल के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित संगीत समारोह देर रात  अपनी ऊंचाइयों पर समाप्त हुआ। 
गायक कलाकार बी. रविंद्र कुमार ने अपने अलाप के साथ घुंघरू की तरह बजता ही रहा हूं मैं जैसे गीतों से पूरे कार्यक्रम को ऊंचाइयों तक पहुंचाया। सहयोगी कलाकार करुणा गुप्ता ने नारी स्वर से कार्यक्रम को खूबसूरती प्रदान की। तालियों से सराबोर जनमानस उनके एक-एक गीत पर तालियां बजाता रहा। 

गायक कलाकार सरदार हरमहेंद्र सिंह ने गजल अपने आंखों की गहराई में उतर जाने दे  और रमेश गुप्ता ने है जिंदगी कितनी खूबसूरत जैसे गजलों  की प्रस्तुति के साथ श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।  तबले पर संगत दे रहे कलाकार प्रदीप एवं आर्गन पर संगत करने वाले नीतीश पोद्दार सहित अन्य कलाकारों ने भी समा बांध दिया।

स्वागत की औपचारिकताओं के उपरांत मुख्य अतिथि डॉ. केपी पटेल ने  कहा कि संबोधन साहित्य एवं कला विकास संस्थान मनेंद्रगढ़ एक लंबे समय से संगीत साधकों को अपने विद्यालय के माध्यम से साधना करने के लिए प्रेरित करती रही है। इस विद्यालय के कई कलाकार अपनी संगीत साधना के बल पर अंचल में उभरकर सामने आए हैं। उनमें से प्रदीप्तो लाहिरी जैसे कुछ कलाकार राष्ट्रीय स्तर पर भी विद्यालय का और इस अंचल का नाम रोशन कर रहे हैं।

कार्यक्रम अध्यक्ष रमेश सिंह ने आयोजन के लिए संबोधन को बधाई दी।
उन्होंने 45 वर्षों की इस संस्था को सुझाव देते हुए कहा कि अपने सांस्कृतिक और साहित्यिक आयोजनों के लिए इस संस्था को शासन से अनुदान मिलने की प्रबल संभावनाएं हैं। संस्था अध्यक्ष अनिल जैन ने संगीत साधकों को अपने विद्यालय के माध्यम से आगे बढ़ाने के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। 

दल्ली वल्र्ड पब्लिक स्कूल के सभागार में आयोजित यह कार्यक्रम संगीत साधकों, संबोधन सदस्यों एवं संगीत प्रेमी नागरिकों की उपस्थिति में सूरों एवं संगीत की यह शाम देर रात तक श्रोताओं की तालियां बटोरती रही।कार्यक्रम का संचालन वीरेंद्र श्रीवास्तव एवं आभार प्रदर्शन गौरव अग्रवाल ने किया।
 


अन्य पोस्ट